रेहान फ़ज़ल
उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले के वृंदावन स्थित छटीकरा मार्ग पर बने श्रीकृष्ण शरणम् सोसायटी में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब संत प्रेमानंद जी महाराज के फ्लैट में अचानक भीषण आग लग गई। यह आग फ्लैट नंबर 212 में लगी, जहां से तेज धुआं और आग की ऊंची लपटें उठती देख आसपास के लोग दहशत में आ गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आग लगने की प्राथमिक वजह बिजली का शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है। जैसे ही लोगों ने फ्लैट से धुआं निकलते देखा, उन्होंने तुरंत मदद के लिए शोर मचाया और स्थानीय लोगों ने आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। सूचना मिलने पर दमकल विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
गनीमत यह रही कि प्रेमानंद जी महाराज पिछले करीब एक महीने से श्री राधा हित कैलिकुंज में निवास कर रहे हैं, जिसके कारण एक बड़ा हादसा टल गया। हालांकि, आग से फ्लैट में रखा सामान काफी हद तक क्षतिग्रस्त हो गया है।
फिलहाल प्रशासन पूरे मामले की जांच कर रहा है और आग लगने के सटीक कारणों का पता लगाने की कोशिश की जा रही है।
