Patna में आज एनडीए सरकार का बड़ा राजनीतिक शक्ति प्रदर्शन देखने को मिलेगा। मुख्यमंत्री Samrat Choudhary की सरकार के पहले बड़े कैबिनेट विस्तार को लेकर राजधानी का सियासी पारा चढ़ा हुआ है। गांधी मैदान में आयोजित होने वाले इस भव्य शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री Narendra Modi, गृह मंत्री Amit Shah और एनडीए के कई दिग्गज नेताओं की मौजूदगी इसे बेहद खास बना रही है।


सूत्रों के मुताबिक, सम्राट चौधरी सरकार के मंत्रिमंडल में बड़े स्तर पर विस्तार किया जा रहा है। बीजेपी और जेडीयू के बीच लगभग बराबरी के फॉर्मूले पर सहमति बनी है। जानकारी के अनुसार बीजेपी और जेडीयू को 16-16 सीटें मिल सकती हैं, जबकि एलजेपी (रामविलास), हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा और राष्ट्रीय लोक मोर्चा को भी प्रतिनिधित्व दिया जा सकता है।


राजनीतिक हलकों में यह चर्चा भी तेज है कि इस विस्तार में कई नए और युवा चेहरों को मौका मिल सकता है। महिला नेताओं और सामाजिक समीकरणों को ध्यान में रखते हुए जातीय संतुलन साधने की रणनीति पर काम किया गया है। कुछ पुराने नेताओं की वापसी और विभागों में बड़े फेरबदल की भी संभावना जताई जा रही है।


शपथ ग्रहण समारोह को लेकर गांधी मैदान में जोर-शोर से तैयारियां की गई हैं। प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं और एयरपोर्ट से लेकर कार्यक्रम स्थल तक विशेष सुरक्षा घेरा बनाया गया है। पटना नगर निगम और जिला प्रशासन लगातार तैयारियों में जुटे हैं। हालांकि बारिश और तेज हवा की वजह से कुछ तैयारियों को नुकसान पहुंचा था, जिसके बाद देर रात तक काम चलता रहा।


इस पूरे आयोजन को सिर्फ कैबिनेट विस्तार नहीं, बल्कि बिहार में एनडीए की ताकत और एकजुटता दिखाने के बड़े मंच के तौर पर देखा जा रहा है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि 2029 के लोकसभा चुनाव और भविष्य की रणनीति को ध्यान में रखते हुए यह कार्यक्रम बेहद अहम माना जा रहा है।