
सहयोग पोर्टल
पटना। आम लोगों की शिकायतों के त्वरित और पारदर्शी समाधान के लिए पटना जिला प्रशासन की ओर से संचालित ‘सहयोग पोर्टल’ और ‘सहयोग शिविर’ को प्रभावी माध्यम के तौर पर विकसित किया जा रहा है। जिले में अब तक विभिन्न विभागों से संबंधित 33,665 आवेदन पोर्टल पर प्राप्त हुए हैं। इनमें से 32,272 आवेदनों का निष्पादन किया जा चुका है।
वर्तमान में 7 से 10 दिनों से लंबित 232 मामले हैं, जबकि 10 दिनों से अधिक समय से लंबित मामलों की संख्या 41 है। राहत की बात यह है कि जिले में 20 दिनों से अधिक समय से कोई मामला लंबित नहीं है। जिला प्रशासन की ओर से पोर्टल पर आने वाली शिकायतों की नियमित निगरानी और समीक्षा की जा रही है। संबंधित अधिकारियों को तय समय सीमा में मामलों का गुणवत्तापूर्ण निष्पादन करने का निर्देश दिया गया है।
24 घंटे दर्ज कर सकते हैं शिकायत
‘सहयोग पोर्टल’ के जरिए आम नागरिक 24 घंटे और सातों दिन अपनी समस्या या शिकायत दर्ज करा सकते हैं। शिकायत से जुड़ी जानकारी या सहायता के लिए कार्य अवधि में निःशुल्क टोल-फ्री नंबर 1100 पर संपर्क किया जा सकता है। इस व्यवस्था का उद्देश्य लोगों को शिकायत दर्ज कराने के लिए सरकारी कार्यालयों के अनावश्यक चक्कर लगाने से बचाना और उन्हें आसान एवं जवाबदेह शिकायत निवारण व्यवस्था उपलब्ध कराना है।
पंचायतों तक पहुंच रहे सहयोग शिविर
‘सहयोग’ को ग्रामीण क्षेत्रों तक पहुंचाने के लिए जिले के अलग-अलग प्रखंडों की पंचायतों में हर महीने के पहले और तीसरे मंगलवार को सहयोग शिविर लगाए जाते हैं। इन शिविरों में ग्रामीण सीधे संबंधित अधिकारियों के सामने अपनी समस्याएं रखते हैं। जिन मामलों का समाधान मौके पर संभव होता है, उनका वहीं निपटारा किया जाता है। वहीं, तत्काल समाधान नहीं होने वाले मामलों को ‘सहयोग पोर्टल’ पर ऑनलाइन दर्ज कर संबंधित विभाग या अधिकारी के पास भेजा जाता है।
जिलाधिकारी कुंदन कुमार ने अधिकारियों को प्राप्त आवेदनों का समय पर और गुणवत्तापूर्ण निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है। प्रशासन के अनुसार, ऑनलाइन पोर्टल के साथ पंचायत स्तर पर शिविरों की व्यवस्था से लोगों को अपनी समस्या सीधे प्रशासन तक पहुंचाने का अवसर मिल रहा है। इससे नागरिकों का समय और श्रम बचने के साथ स्थानीय स्तर पर समस्याओं के समाधान की प्रक्रिया भी तेज हो रही है।
