
मुंबई में भारी बारिश के कारण जलभराव, बंद अंधेरी सबवे, पानी में फंसे वाहन Source : Social media
मुंबई में लगातार हो रही भारी मॉनसून बारिश ने एक बार फिर शहर की रफ्तार पर ब्रेक लगा दिया है। शनिवार को कई इलाकों में सड़कें पानी में डूब गईं, जिससे ट्रैफिक पूरी तरह प्रभावित हो गया। कई जगह कारें और बाइक बीच सड़क पर ही पानी में फंस गईं। हालात को देखते हुए प्रशासन ने अंधेरी सबवे समेत कई अहम रास्तों को अस्थायी रूप से बंद कर दिया है। वहीं हाई टाइड और रेड अलर्ट के बीच लोगों से बेहद जरूरी होने पर ही घर से बाहर निकलने की अपील की गई है। मुंबई महानगरपालिका (BMC) और अन्य एजेंसियां लगातार हालात पर नजर बनाए हुए हैं।
मुंबई की सड़कों पर जलभराव, कई रास्ते किए गए बंद
लगातार बारिश के कारण शहर के कई हिस्सों में पानी भर गया है। मोगरा नाला पूरी क्षमता से बह रहा है और उससे जुड़े छोटे नाले भी उफान पर हैं। पानी की निकासी धीमी होने से कई निचले इलाकों में जलभराव हो गया है। हालात को देखते हुए अंधेरी सबवे समेत कई प्रमुख सड़कों को अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है।बंद किए गए प्रमुख रास्तों में चेंबूर का नूर-ए-इलाही सर्विस रोड, अंधेरी की वीरा देसाई रोड, स्वामी विवेकानंद मार्ग, विक्रोली का हुमा मॉल जंक्शन, गांधीनगर जंक्शन और परेश पार्क मार्केट रोड शामिल हैं। प्रशासन ने लोगों से इन रास्तों पर जाने से बचने की सलाह दी है।
चेंबूर में फिर गिरा पेड़, बड़ा हादसा टला
भारी बारिश के बीच चेंबूर इलाके में एक बार फिर पेड़ गिरने की घटना हुई। इस बार एक कार पेड़ की चपेट में आ गई, लेकिन राहत की बात यह रही कि किसी को चोट नहीं आई। इससे पहले इसी इलाके में पेड़ गिरने से 11 वर्षीय छात्र विहान श्रीवास्तव की मौत हो चुकी है। उस हादसे के बाद खतरनाक पेड़ों की पहचान कर उन्हें हटाने का अभियान शुरू किया गया था, लेकिन इसके बावजूद ऐसी घटनाएं सामने आ रही हैं।
क्या है मोगरा नाला और क्यों बढ़ती है परेशानी?
मोगरा नाला मुंबई के अंधेरी, वर्सोवा और जोगेश्वरी जैसे इलाकों का प्रमुख स्टॉर्म वॉटर ड्रेन है। यह अंधेरी सबवे के नीचे से होकर मालाड खाड़ी और फिर अरब सागर तक जाता है। भारी बारिश के दौरान जब इसका जलस्तर बढ़ जाता है तो आसपास के इलाकों और अंधेरी सबवे में जलभराव की समस्या पैदा हो जाती है। BMC इसकी क्षमता बढ़ाने और चौड़ीकरण की परियोजना पर काम कर रही है।
बारिश के बीच मेट्रो सेवा भी हुई प्रभावित
मूसलाधार बारिश के दौरान मेट्रो लाइन-2A पर तकनीकी खराबी आ गई, जिससे करीब 90 मिनट तक ट्रेन सेवाएं प्रभावित रहीं। बाद में तकनीकी टीमों ने खराबी दूर कर दी और दोनों ट्रैक पर मेट्रो का संचालन फिर से सामान्य कर दिया गया।
रेड अलर्ट जारी, 10 हजार कर्मचारी मैदान में
मुंबई में भारी बारिश को देखते हुए रेड अलर्ट जारी किया गया है। हालात से निपटने के लिए BMC ने करीब 10 हजार कर्मचारियों को विभिन्न इलाकों में तैनात किया है। सभी 26 वार्ड अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में मौजूद रहने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं BMC आयुक्त अश्विनी भिड़े डिजास्टर मैनेजमेंट कंट्रोल रूम से हजारों CCTV कैमरों के जरिए पूरे शहर की निगरानी कर रही हैं।
