
आंखों पर पट्टी बांधकर नाबालिग लड़की की हत्या
मुंबई के कांदिवली इलाके में एक दिल दहला देने वाला घटना सामने आया है। यहां प्रेम संबंध के कारण 17 साल की एक लड़की की हत्या कर दी गई। यह मामला कांदिवली ईस्ट के समतानगर थाना क्षेत्र का है। कुछ दिन पहले दामूनगर के जंगल वाले इलाके में एक किशोरी का शव मिला था, जिसके बाद पुलिस ने जांच शुरू की। बाद में लड़की की पहचान सिद्धि विश्वकर्मा के रूप में हुई।
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि इस हत्या के पीछे लड़की का बॉयफ्रेंड 22 वर्ष सूरज वाघमारे है, जो कांदिवली ईस्ट का रहने वाला है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने टीवी पर आने वाले शो ‘क्राइम पेट्रोल’ को देखकर पूरी वारदात की योजना बनाई थी। इसके बाद उसने मौके का फायदा उठाकर इस खौफनाक घटना को अंजाम दिया।
खास तोहफे के बहाने दिया धोखा
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी ने लड़की को एक खास तोहफा देने की बात कहकर उसकी आंखों पर पट्टी बंधवा दी थी। इसके बाद उसने चाकू से उस पर हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि वारदात से पहले आरोपी ने टीवी शो ‘क्राइम पेट्रोल’ देखकर यह जानने की कोशिश की थी कि अपराध के बाद सबूत कैसे छिपाए जाते हैं। हत्या के बाद उसने अपने निशान मिटाने की भी कोशिश की।
पुलिस के मुताबिक, करीब डेढ़ साल पहले गणपति उत्सव के दौरान सूरज वाघमारे की मुलाकात सिद्धि विश्वकर्मा से हुई थी। धीरे-धीरे दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और उनका रिश्ता प्रेम संबंध में बदल गया। जांच में यह भी पता चला है कि आरोपी लड़की पर शादी करने का दबाव बना रहा था, लेकिन वह इसके लिए राजी नहीं थी।
इनकार के बाद बनाई खौफनाक योजना
पुलिस का कहना है कि शादी से मना किए जाने के बाद आरोपी ने पूरी साजिश रची। उसने सिद्धि को कांदिवली के दामूनगर जंगल इलाके में मिलने के लिए बुलाया। वहां उसने लड़की से गिफ्ट के नाम पर आंखें बंद करने को कहा और मौका मिलते ही उस पर चाकू से हमला कर दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी शव को जंगल में छोड़कर वहां से भाग गया। फिलहाल पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।
आरोपी गिरफ्तार
जानकारी के मुताबिक कर्मचारी जंगल में निगरानी करने के लिए घूम रहे थे।फॉरेस्ट डिपार्टमेंट के स्टाफ ने समता नगर पुलिस को बताया कि जंगल में पेट्रोलिंग करते समय एक अनजान बॉडी देखी गई है। समता नगर पुलिस मौके पर पहुंची और बॉडी को ऑटोप्सी के लिए हॉस्पिटल भेज दिया। इसके बाद, समता नगर पुलिस ने केस दर्ज किया और लड़की की पहचान की। केवल एक से डेढ़ घंटे के अंदर में बॉडी की पहचान हो गई।
इस मामले में कार्रवाई करते हुए समतानगर पुलिस ने 22 वर्षीय सूरज वाघमारे को गिरफ्तार कर लिया है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि प्रेम संबंध और शादी को लेकर चल रहे विवाद के कारण इस वारदात को अंजाम दिया गया। फिलहाल आरोपी पुलिस हिरासत में है और उससे पूछताछ की जा रही है। मामले की जांच अभी जारी है।
