7मुंबई: मुंबई के प्रतिष्ठित ताज होटल को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद रविवार तड़के सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया। पुलिस कंट्रोल रूम में आए एक फोन कॉल में दावा किया गया कि "दाऊद इब्राहिम ने ताज होटल में बम रखा है।" सूचना मिलते ही मुंबई पुलिस, क्राइम ब्रांच और बम निरोधक दस्ते (Bomb Squad) की टीमें तुरंत मौके पर पहुंच गईं।


फोन कॉल मिलते ही शुरू हुआ सर्च ऑपरेशन

रिपोर्ट्स के मुताबिक, देर रात करीब 12:13 बजे नवी मुंबई पुलिस कंट्रोल रूम को यह धमकी भरा फोन आया। कॉल करने वाले ने दावा किया कि मुंबई के कोलाबा स्थित ताज होटल में बम रखा गया है। सूचना मिलते ही सुरक्षा एजेंसियों ने होटल को घेर लिया और पूरे परिसर में सघन तलाशी अभियान शुरू किया।


पूरे होटल की हुई जांच

पुलिस, बम निरोधक दस्ते और अन्य सुरक्षा एजेंसियों ने ताज होटल के लगभग हर हिस्से की बारीकी से जांच की। हालांकि, कई घंटों तक चले सर्च ऑपरेशन के बाद भी किसी तरह का विस्फोटक या संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई। इसके बाद पुलिस ने इस धमकी को फर्जी (Hoax) करार दिया।


कॉलर की पहचान, गिरफ्तारी की कोशिश जारी

जांच के दौरान पुलिस ने धमकी देने वाले फोन की लोकेशन मुंबई के तुर्भे इलाके में ट्रेस की। पुलिस का कहना है कि कॉल करने वाले की पहचान कर ली गई है और उसे गिरफ्तार करने के लिए टीम भेजी गई है। फिलहाल मामले की जांच जारी है।


ताज होटल की सुरक्षा क्यों रहती है सख्त?

मुंबई का ताज होटल, जो टाटा ग्रुप के स्वामित्व में है, दुनिया के सबसे प्रतिष्ठित होटलों में गिना जाता है। वर्ष 2008 के 26/11 मुंबई आतंकी हमले के दौरान यह होटल आतंकवादियों के निशाने पर था। हमले के बाद से यहां सुरक्षा व्यवस्था को काफी मजबूत किया गया है। यही वजह है कि होटल से जुड़ी किसी भी धमकी को सुरक्षा एजेंसियां बेहद गंभीरता से लेती हैं।