मेरठ में दलित छात्रा ललिता गौतम की हत्या का मामला लगातार तूल पकड़ता जा रहा है। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर उन्हें न्याय की लड़ाई में साथ खड़े रहने का भरोसा दिलाया। उन्होंने भाजपा सरकार से पीड़ित परिवार की सभी मांगें पूरी करने और मृतक छात्रा को न्याय दिलाने की मांग की।

Source : ABP News
पीड़ित परिवार से मुलाकात कर सरकार पर साधा निशाना
अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार पीड़ित परिवार की हर मांग पूरी करे और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करे। उन्होंने कहा कि मृतक छात्रा को न्याय मिलना चाहिए और सरकार इस मामले में संवेदनशीलता दिखाए।
एक्स पर पोस्ट कर लगाए गंभीर आरोप
अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर लिखा, "जब वो खुद ही बेलगाम है जिसके हाथ में लगाम है, तो फिर उनका क्या, जो उनके दरबार में दरबान है!" उन्होंने आरोप लगाया कि मेरठ की बेटी के साथ हुए अत्याचार और हत्या के मामले में नामजद आरोपियों पर कमजोर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया, जबकि आंदोलनकारियों पर गंभीर धाराएं लगाई गईं, जो नाइंसाफी की पराकाष्ठा है।
पुलिस की कार्यप्रणाली पर उठाए सवाल
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि जिस पुलिस से न्याय की उम्मीद होती है, उसके ही वरिष्ठ अधिकारी अन्याय कर रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि पुलिस अधिकारियों के व्यवहार का वीडियो देशभर में वायरल हुआ है, जिससे उत्तर प्रदेश पुलिस की छवि प्रभावित हुई है। उन्होंने कहा कि इससे वे पुलिसकर्मी भी शर्मिंदा हैं, जो ईमानदारी और संवेदनशीलता के साथ अपना कर्तव्य निभाते हैं।
पीडीए अब सहेगा नहीं, कहेगा'
अखिलेश यादव ने कहा, "पीडीए अब सहेगा नहीं, कहेगा।" उन्होंने आरोप लगाया कि जिस राज्य का नेतृत्व महिलाओं, विशेषकर शोकग्रस्त मां के साथ सार्वजनिक रूप से अभद्र व्यवहार करे, वहां पुलिस से न्याय की उम्मीद करना कठिन है। उन्होंने कहा कि अब जनता भाजपा नेताओं के भाषण सुनने के मूड में नहीं है।
