मध्य प्रदेश की दतिया विधानसभा सीट पर 30 जुलाई को होने वाले उपचुनाव के लिए बीजेपी द्वारा आशुतोष तिवारी को उम्मीदवार घोषित किए जाने के बाद पार्टी के भीतर असंतोष खुलकर सामने आ गया। पूर्व मंत्री और वरिष्ठ भाजपा नेता नरोत्तम मिश्रा को टिकट नहीं मिलने से नाराज उनके समर्थकों ने विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन ने देखते ही देखते उग्र रूप ले लिया और राष्ट्रीय राजमार्ग-44 करीब 12 घंटे तक जाम रहा। इस दौरान पुलिस पर पथराव भी हुआ, जिसमें पुलिस अधीक्षक समेत कई पुलिसकर्मी घायल हो गए।

Source : ABP NEWS
आशुतोष तिवारी को टिकट, नरोत्तम मिश्रा के समर्थकों में नाराजगी
भारतीय जनता पार्टी ने शुक्रवार को दतिया विधानसभा उपचुनाव के लिए आशुतोष तिवारी को अपना उम्मीदवार घोषित किया। पार्टी सूत्रों के अनुसार, पूर्व मंत्री नरोत्तम मिश्रा को टिकट मिलने की उम्मीद थी और उन्होंने नामांकन पत्र भी खरीद लिया था। ऐसे में टिकट नहीं मिलने को उनके लिए बड़ा झटका माना जा रहा है। टिकट घोषित होते ही उनके समर्थकों ने विरोध शुरू कर दिया।
12 घंटे हाईवे जाम, पुलिस पर पथराव
शनिवार को नरोत्तम मिश्रा के समर्थकों ने राष्ट्रीय राजमार्ग-44 पर करीब 12 घंटे तक जाम लगाया। पुलिस के सड़क खाली कराने के प्रयास के दौरान प्रदर्शनकारियों ने पथराव किया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़े और बाद में सुरक्षा बलों ने राजमार्ग खाली कराया। इस दौरान कई प्रदर्शनकारियों को हिरासत में भी लिया गया।
पुलिस का दावा- 3,000 से अधिक लोग थे प्रदर्शन में
पुलिस अधीक्षक मयूर खंडेलवाल ने बताया कि 3,000 से अधिक प्रदर्शनकारियों ने दतिया शहर में शांति भंग करने और बाजार बंद कराने की कोशिश की। पथराव में छह से अधिक पुलिसकर्मी घायल हुए हैं। उन्होंने कहा कि आदर्श आचार संहिता लागू होने का हवाला देकर प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया गया, लेकिन उनके नहीं मानने पर पुलिस को आंसू गैस का इस्तेमाल करना पड़ा।
टिकट वापस लेने की मांग, सरकार के खिलाफ नारेबाजी
प्रदर्शन के दौरान समर्थकों ने मुख्यमंत्री मोहन यादव और केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। उन्होंने नरोत्तम मिश्रा को टिकट दिए जाने की मांग करते हुए चेतावनी दी कि जब तक टिकट वापस नहीं दिया जाएगा, उनका विरोध जारी रहेगा। हिंसक प्रदर्शन के दौरान कई वाहनों को भी नुकसान पहुंचा।
30 जुलाई को मतदान, 3 अगस्त को आएंगे नतीजे
निर्वाचन आयोग ने दतिया समेत बिहार और गुजरात की तीन विधानसभा सीटों पर उपचुनाव की घोषणा की है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, 30 जुलाई को मतदान होगा, जबकि 3 अगस्त को मतगणना की जाएगी। फिलहाल दतिया में स्थिति को देखते हुए प्रशासन अलर्ट मोड पर है।
