Khan Sir Bail update: पटना कोचिंग विवाद और फायरिंग केस में खान सर को बड़ी राहत, कोर्ट ने दी जमानत; दोनों बॉडीगार्ड्स को भी मिली रहता, | Source: Tv9 Bharatvarsh

Khan Sir Bail update: पटना कोचिंग विवाद और फायरिंग केस में खान सर को बड़ी राहत, कोर्ट ने दी जमानत; दोनों बॉडीगार्ड्स को भी मिली रहता,Source : Tv9 Bharatvarsh

पटना के चर्चित कोचिंग विवाद में खान सर उर्फ फैजल खान को बड़ी राहत मिली है। सोमवार को शहर की एक सिविल कोर्ट ने उन्हें और उनके दोनों बॉडीगार्ड्स को अग्रिम जमानत दे दी। यह मामला मुसल्लहपुर इलाके में दो कोचिंग संस्थानों के बीच हुए विवाद और हिंसक झड़प से जुड़ा है। इससे पहले जज की अनुपस्थिति के कारण 10 जुलाई को होने वाली सुनवाई स्थगित कर 13 जुलाई तय की गई थी।

यह पूरा मामला 2 जून को हुई उस घटना से जुड़ा है, जब 15 से 20 लोगों के एक समूह पर पटना स्थित खान ग्लोबल स्टडीज (KGS) परिसर में घुसकर तोड़फोड़ करने और कोचिंग संस्थान पर पथराव करने का आरोप लगा था। घटना के बाद मामला तूल पकड़ गया और पुलिस जांच के साथ कानूनी कार्रवाई भी शुरू हुई। अब अदालत ने खान सर और उनके दोनों बॉडीगार्ड्स को अग्रिम जमानत देते हुए बड़ी राहत प्रदान की है।

फायरिंग में इस्तेमाल हथियार जांच के दायरे में, फॉरेंसिक रिपोर्ट से होगा खुलासा

हालांकि, अगले ही दिन सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ, जिसमें कोचिंग संस्थान से जुड़े दो बॉडीगार्ड कथित तौर पर फायरिंग करते दिखाई दिए। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी। पुलिस के मुताबिक, फायरिंग में इस्तेमाल किए गए हथियार बरामद कर फॉरेंसिक जांच के लिए भेज दिए गए हैं। इसके साथ ही कदमकुआं थाने में एफआईआर दर्ज की गई और दोनों बॉडीगार्ड्स फिलहाल न्यायिक हिरासत में हैं।

शुरुआत में खान सर की ओर से दावा किया गया था कि खान ग्लोबल स्टडीज (KGS) पर हुए हमले के पीछे प्रतिद्वंद्वी कोचिंग संस्थान से जुड़े लोगों का हाथ है। हालांकि बाद में दूसरे पक्ष ने पलटवार करते हुए आरोप लगाया कि पूरी घटना को अंजाम देने में खान सर और उनके संस्थान से जुड़े लोगों की ही भूमिका थी। इसके बाद पुलिस ने दोनों पक्षों के आरोपों को आधार बनाकर मामले की जांच आगे बढ़ाई।

पिछले हफ्ते पूरी हुई थी सुनवाई

गार्ड्स की कथित फायरिंग वाले वायरल वीडियो का हवाला देते हुए प्रतिद्वंद्वी कोचिंग संस्थान ने दावा किया कि पूरी घटना पहले से सुनियोजित थी। हालांकि, खान सर ने इन आरोपों को सिरे से खारिज किया और कहा कि मामले की सच्चाई जांच के बाद ही सामने आएगी। फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच में जुटी हुई है।

इससे पहले फैजल खान की अग्रिम जमानत याचिका पर फैसला पिछले शुक्रवार को आना था, लेकिन सेशन जज के अवकाश पर होने के कारण सुनवाई की तारीख बढ़ाकर सोमवार कर दी गई। अदालत ने बुधवार को दोनों पक्षों की अंतिम दलीलें सुनने के बाद फैसला सुरक्षित रख लिया था। उस समय खान सर के वकील अरविंद कुमार मौआर ने कहा था कि सेशन जज की अनुपस्थिति के कारण आदेश जारी नहीं हो सका, जिसे अब सोमवार को सुनाया जाएगा।