Tजापान की प्रधानमंत्री सनाए ताकाएची तीन दिवसीय भारत दौरे पर नई दिल्ली पहुंची हैं, जहां वह भारत-जापान वार्षिक शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेंगी। लेकिन इस बार चर्चा सिर्फ उनकी कूटनीतिक यात्रा की नहीं, बल्कि उनकी दिलचस्प शख्सियत की भी हो रही है। रॉक बैंड में ड्रम बजाने से लेकर कराटे, स्कूबा डाइविंग, महंगी मोटरसाइकिलों और स्पोर्ट्स कारों का शौक रखने वाली ताकाएची जापान की पारंपरिक राजनीति से बिल्कुल अलग पहचान रखती हैं।


जापान की पहली महिला प्रधानमंत्री

सनाए ताकाएची अक्टूबर 2025 में जापान की पहली महिला प्रधानमंत्री बनीं। वह लंबे समय तक पूर्व प्रधानमंत्री शिंजो आबे की करीबी सहयोगी रहीं। लिबरल डेमोक्रेटिक पार्टी (LDP) की कमान संभालने के बाद उन्होंने 2026 के आम चुनाव में जीत हासिल कर अपनी राजनीतिक पकड़ भी मजबूत की।


रॉक म्यूजिक और एडवेंचर की शौकीन

विश्वविद्यालय के दिनों में ताकाएची एक रॉक बैंड में ड्रम बजाती थीं। आज भी उन्हें हैवी मेटल संगीत पसंद है। राजनीति के व्यस्त कार्यक्रम के बीच समय मिलने पर वह संगीत सुनना पसंद करती हैं।


महंगी बाइक और स्पोर्ट्स कारों का क्रेज

ताकाएची को हाई-परफॉर्मेंस मोटरसाइकिल और स्पोर्ट्स कारों का भी शौक है। वह कावासाकी जैसी भारी बाइक चला चुकी हैं। इसके अलावा वह अपनी पुरानी टोयोटा स्पोर्ट्स कार से करीब 20 वर्षों तक संसद जाया करती थीं।


कराटे, जूडो और स्कूबा डाइविंग में भी रुचि

राजनीति के अलावा उन्हें मार्शल आर्ट्स, जूडो, कराटे और स्कूबा डाइविंग जैसी गतिविधियां भी पसंद हैं। साथ ही वह जापानी कॉमिक्स (मंगा) और एनीमे की समर्थक मानी जाती हैं और संसद में भी इनके प्रचार का समर्थन करती रही हैं।


निजी जिंदगी भी रही चर्चा में

सनाए ताकाएची ने 2004 में नेता ताकु यामामोतो से शादी की थी। दोनों का 2017 में तलाक हो गया, लेकिन 2021 में उन्होंने दोबारा शादी कर ली। खास बात यह रही कि दूसरी शादी के बाद उनके पति ने अपना उपनाम बदलकर ताकाएची रख लिया, जो जापान में बेहद दुर्लभ माना जाता है।


पुरुष प्रधान समाज में अलग पहचान

जापान में आज भी पारंपरिक पारिवारिक व्यवस्था और सामाजिक मान्यताओं का गहरा प्रभाव है। शादी के बाद अधिकतर महिलाओं को अपना उपनाम बदलना पड़ता है और कार्यस्थलों पर भी महिलाओं को कई चुनौतियों का सामना करना पड़ता है। ऐसे माहौल में सनाए ताकाएची का देश की सर्वोच्च राजनीतिक जिम्मेदारी तक पहुंचना कई लोगों के लिए प्रेरणा माना जा रहा है।