ईरान ने कतर, बहरीन, संयुक्त अरब अमीरात और जॉर्डन में हमले किए हैं। तेहरान का कहना है कि यह कार्रवाई अमेरिका की ओर से बुशहर, बंदर अब्बास, सिरिक और चाबहार में किए गए हमलों के जवाब में की गई है। 
Iran-Middle East-America Conflict: खामेनेई के जनाजे के बाद एक्शन में तेहरान, ईरान ने बहरीन, कतर और यूएई में मिसाइल और ड्रोन हमले किए!Source : Times of India.com
अमेरिका और ईरान के बीच मौजूदा सैन्य तनाव का केंद्र होर्मुज क्षेत्र बना हुआ है। इस बीच ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) ने होर्मुज जलडमरूमध्य को अनिश्चितकाल के लिए बंद करने का ऐलान किया है।
बहरीन, कतर और संयुक्त अरब अमीरात ने कहा है कि वे ईरान के हमलों का पूरी ताकत से मुकाबला कर रहे हैं। साथ ही इन देशों ने अपने नागरिकों से सतर्क रहने और सुरक्षित स्थानों पर जाने की अपील भी की है।
खाड़ी देशों में किए गए ताजा हमलों के बाद ईरान ने आधिकारिक बयान जारी करते हुए दावा किया कि उसने कुवैत और बहरीन में मौजूद अमेरिकी सैन्य ठिकानों को ड्रोन से निशाना बनाया है। वहीं IRGC ने एक अन्य बयान में कहा कि कतर के अल उदीद एयरबेस पर भी बैलिस्टिक मिसाइलों से हमला किया गया है।
ईरान की यह सैन्य कार्रवाई सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई के जनाजे और सुपुर्द-ए-खाक की रस्म के बाद सामने आई है। एक दिन पहले ईरान के मौजूदा सुप्रीम लीडर मोजतबा खामेनेई की ओर से जारी बयान में कहा गया था कि अमेरिका से ‘खून का बदला’ लिया जाएगा।
नागरिकों के लिए जारी हुए सुरक्षा अलर्ट
संयुक्त अरब अमीरात ने दावा किया है कि उसका एयर डिफेंस सिस्टम ईरान की ओर से दागी जा रही मिसाइलों और ड्रोन हमलों को पूरी क्षमता के साथ रोकने में जुटा है। रक्षा मंत्रालय के अनुसार, देशभर में सुनाई दे रहे धमाकों की आवाजें एयर डिफेंस सिस्टम द्वारा मिसाइलों और ड्रोन को इंटरसेप्ट किए जाने की हैं।
वहीं, कतर के गृह मंत्रालय ने कहा है कि देश में सुरक्षा को लेकर खतरा काफी बढ़ गया है। मंत्रालय ने नागरिकों और निवासियों से अपने घरों या सुरक्षित स्थानों पर रहने, सुरक्षा एजेंसियों के निर्देशों का पालन करने और गैर-जरूरी आवाजाही से बचने की अपील की है।
बहरीन के गृह मंत्रालय ने भी एयर रेड सायरन सक्रिय कर दिए हैं। मंत्रालय ने लोगों से शांत रहने और अपने नजदीकी सुरक्षित स्थान पर पहुंचने की अपील करते हुए कहा, "सभी नागरिक और निवासी सुरक्षा निर्देशों का पालन करें और सुरक्षित स्थानों पर चले जाएं।"
हमले के बाद IRGC का बयान
ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) ने पड़ोसी देशों पर हमले से पहले ही साफ कर दिया था कि अमेरिका की किसी भी सैन्य कार्रवाई का जवाब पूरी ताकत के साथ दिया जाएगा। होर्मुज क्षेत्र में जहाज पर हुए हमले के बाद IRGC की नौसेना ने बयान जारी करते हुए कहा, "एक ऐसा जहाज, जिसने अपने ट्रैकिंग सिस्टम बंद कर समुद्री सुरक्षा को खतरे में डाला था, उसे निशाना बनाकर रोक दिया गया। इस घटना के जवाब में की गई किसी भी कार्रवाई का कड़ा और निर्णायक जवाब दिया जाएगा।"
