Tहापुड़: उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। ज्वैलरी खरीदने गई एक युवती ने प्यास लगने पर पानी मांगा, लेकिन उसे कथित तौर पर तेजाब से भरी बोतल दे दी गई। पानी समझकर जैसे ही युवती ने एक घूंट पिया, उसकी तबीयत बिगड़ गई और वह दर्द से तड़पने लगी। पूरी घटना दुकान में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई।


पानी समझकर पी लिया तेजाब

यह घटना नगर कोतवाली क्षेत्र के अर्जुन नगर की है। शुक्रवार शाम रिया नाम की युवती एक ज्वैलरी दुकान पर खरीदारी करने पहुंची थी। प्यास लगने पर दुकान संचालक ने अपने कर्मचारी को पास की एक कन्फेक्शनरी से पानी की बोतल लाने के लिए भेजा। कर्मचारी बोतल लेकर आया और युवती को दे दी। तेज प्यास होने के कारण रिया ने बिना जांचे बोतल खोलकर पानी समझकर पी लिया। घूंट पीते ही उसकी चीख निकल गई और उसकी हालत बिगड़ने लगी।


वीडियो देखने के लिए नीचे किलिक करें

T


अस्पताल में भर्ती, चल रहा इलाज

बताया जा रहा है कि बोतल में पानी की जगह कथित तौर पर तेजाब भरा हुआ था। युवती तुरंत दुकान से बाहर निकली और मुंह में गया तरल पदार्थ थूक दिया। इसके बाद उसे पहले स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहां से गंभीर हालत को देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। फिलहाल मेडिकल कॉलेज में उसका इलाज जारी है।


पुलिस ने शुरू की जांच

घटना के बाद पुलिस ने कन्फेक्शनरी संचालक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। दुकानदार का कहना है कि बोतल पूरी तरह सीलबंद थी और उसने फ्रिज से निकालकर वही बोतल कर्मचारी को दी थी। वहीं, पुलिस को दुकान से तेजाब से भरी कुछ अन्य बोतलें भी मिली हैं। पूरे मामले की जांच की जा रही है।


CCTV फुटेज से खुलेंगे राज

पूरी घटना ज्वैलरी दुकान में लगे CCTV कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि पानी की बोतल में कथित तौर पर तेजाब कैसे पहुंचा और इसके लिए जिम्मेदार कौन है। पुलिस का कहना है कि मेडिकल रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच के बाद ही पूरे मामले की सच्चाई सामने आएगी।