Ganga

Ganga

पटना, । गंगा नदी के बढ़ते जलस्तर को लेकर पटना समेत नदी किनारे के इलाकों में सतर्कता बढ़ा दी गई है। जल संसाधन विभाग के अभियंता प्रमुख ने सभी जिला पदाधिकारियों और पुलिस अधीक्षकों को चेतावनी संवाद भेजकर बाढ़ आपदा की स्थिति को देखते हुए आवश्यक एहतियाती कदम उठाने का निर्देश दिया है।

विभाग के अनुसार, 5 सितंबर की सुबह 9 बजे गांधीघाट गेज स्थल पर गंगा का जलस्तर 50.51 मीटर दर्ज किया गया, जो निर्धारित खतरे के निशान से 1.91 मीटर ऊपर है। जलस्तर की प्रवृत्ति फिलहाल बढ़ने की बताई गई है।

गंगा गांधीघाट में अपने उच्चतम बाढ़ स्तर (HFL) 50.52 मीटर के बेहद करीब बह रही है। विभाग को प्राप्त पूर्वानुमान के आधार पर इस स्थल पर नया HFL बनने की संभावना जताई गई है। जलस्तर में आगे वृद्ध होने पर नदी के प्रवाह क्षेत्र, विशेष रूप से दियारा इलाकों में दबाव बढ़ने की आशंका है।


तटबंध के नदी भाग में रहने वालों को सूचना देने का निर्देश

जल संसाधन विभाग ने संभावित बाढ़ की स्थिति को देखते हुए संबंधित क्षेत्रों में सभी जरूरी एहतियाती कदम उठाने को कहा है। साथ ही तटबंध के नदी भाग में बसे लोगों को बढ़ते जलस्तर और संभावित खतरे की जानकारी देने तथा स्थिति के अनुसार उचित कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है।

इसके अलावा बाढ़ आपदा से निपटने के लिए जिलास्तर पर गठित टीमों को लगातार क्षेत्र में गश्ती करने का निर्देश दिया गया है, ताकि जलस्तर में बदलाव या किसी आपात स्थिति की स्थिति में समय रहते कार्रवाई की जा सके।

फिलहाल गंगा के जलस्तर में वृद्धि और गांधीघाट पर नए HFL की संभावित स्थिति को देखते हुए प्रशासनिक एवं आपदा प्रबंधन तंत्र को विशेष सतर्कता बरतने की जरूरत बताई गई है।