मछली को बच्चों के लिए सबसे पौष्टिक खाद्य पदार्थों में से एक माना जाता है। इसमें प्रोटीन, ओमेगा-3 फैटी एसिड, विटामिन D, विटामिन B12 और कई जरूरी मिनरल्स पाए जाते हैं, जो बच्चों की शारीरिक और मानसिक विकास में अहम भूमिका निभाते हैं। यही वजह है कि डॉक्टर भी बच्चों की डाइट में मछली शामिल करने की सलाह देते हैं। हालांकि, छोटे बच्चों को मछली खिलाने के नाम पर कई माता-पिता घबरा जाते हैं, क्योंकि उन्हें कांटा गले में फंसने का डर रहता है। लेकिन बाजार में कुछ ऐसी मछलियां भी उपलब्ध हैं जिनमें कांटे बेहद कम होते हैं और जिन्हें बच्चे आसानी से खा सकते हैं।

बच्चों के लिए बेस्ट मानी जाती हैं ये मछलियां

सैल्मन दुनिया की सबसे हेल्दी मछलियों में गिनी जाती है। इसमें भरपूर मात्रा में ओमेगा-3 फैटी एसिड पाया जाता है, जो बच्चों के दिमाग, आंखों और याददाश्त के विकास में मदद करता है। वहीं बासा मछली का मांस नरम होता है और इसमें कांटे बहुत कम होते हैं, जिससे यह छोटे बच्चों के लिए अच्छा विकल्प मानी जाती है। इसके अलावा तिलापिया मछली में प्रोटीन, विटामिन D, विटामिन B12 और ओमेगा-3 पर्याप्त मात्रा में पाया जाता है। इसमें बारीक कांटे नहीं होते और इसका सेवन बच्चों के लिए सुरक्षित माना जाता है।

कॉड और सोल फिश भी हैं हेल्दी विकल्प

कॉड मछली का मांस सफेद, मुलायम और आसानी से पचने वाला होता है। इसमें फैट कम और प्रोटीन अधिक मात्रा में पाया जाता है, जो बच्चों की हड्डियों और इम्यूनिटी को मजबूत बनाने में मदद करता है। वहीं सोल फिश का स्वाद हल्का और मांस बेहद नरम होता है। इसमें कांटे बहुत कम होते हैं और मर्करी का स्तर भी कम पाया जाता है। यही कारण है कि पहली बार मछली खाने वाले बच्चों के लिए सोल फिश को एक सुरक्षित और हेल्दी विकल्प माना जाता है।

मछली खिलाते समय रखें इन बातों का ध्यान

विशेषज्ञों के अनुसार मछली में मौजूद ओमेगा-3 फैटी एसिड बच्चों की याददाश्त और सीखने की क्षमता को बेहतर बनाने में मदद करता है, जबकि प्रोटीन हड्डियों, दांतों और मांसपेशियों को मजबूत बनाता है। हालांकि बच्चों को मछली खिलाते समय कुछ सावधानियां बरतना जरूरी है। एक साल से छोटे बच्चों को डॉक्टर की सलाह के बिना मछली नहीं देनी चाहिए। मछली हमेशा अच्छी तरह पकाकर खिलाएं और पहली बार देने पर एलर्जी, खुजली या पेट संबंधी किसी भी समस्या पर नजर रखें। साथ ही यह सुनिश्चित कर लें कि मछली में कोई कांटा बाकी न रह गया हो।