
Source: NDTV
आजकल ज्यादातर लोग नए रिश्ते बनाने के लिए डेटिंग ऐप्स का इस्तेमाल करते हैं, लेकिन फिनलैंड में कुछ सुपरमार्केट ने लोगों को मिलाने का एक बिल्कुल अलग तरीका अपनाया है। यहां लोग सिर्फ किराने का सामान खरीदने नहीं आते, बल्कि कई बार अपने लिए साथी की तलाश भी करते हैं। इस अनोखे आइडिया की चर्चा अब सोशल मीडिया पर तेजी से हो रही है।
क्या है ‘पिंक बास्केट’ का कॉन्सेप्ट?
फिनलैंड के कुछ स्टोर्स में अगर कोई ग्राहक गुलाबी रंग की शॉपिंग टोकरी उठाता है, तो इसका मतलब होता है कि वह सिंगल है और नए लोगों से बातचीत करना चाहता है। फिनिश भाषा में इस टोकरी को “सिंक्कु कोरी” कहा जाता है, जिसका अर्थ है “सिंगल बास्केट”। हालांकि, यह कोई आधिकारिक डेटिंग सेवा नहीं है। इसे सिर्फ एक सामाजिक प्रयोग के तौर पर शुरू किया गया था, ताकि लोग बिना किसी दबाव के एक-दूसरे से मिल सकें।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
इस अनोखे कॉन्सेप्ट को अमेरिकी कंटेंट क्रिएटर रोया फॉक्स ने अपने इंस्टाग्राम वीडियो के जरिए दुनिया के सामने रखा। वीडियो में उन्होंने बताया कि डेटिंग ऐप्स और ऑनलाइन दुनिया से परेशान लोगों के लिए यह तरीका काफी दिलचस्प साबित हो सकता है। रोया ने मजाकिया अंदाज में कहा कि अगर आप शॉपिंग के दौरान अपना जीवनसाथी ढूंढना चाहते हैं, तो बस गुलाबी टोकरी उठाकर बाजार निकल जाइए। कौन जाने, वहीं किसी खास से मुलाकात हो जाए।
हर दुकान में नहीं मिलती यह सुविधा
पिंक बास्केट का यह सिस्टम फिनलैंड के सभी सुपरमार्केट में मौजूद नहीं है। फिलहाल यह सुविधा कुछ चुनिंदा दुकानों में ही देखने को मिलती है। इसका मकसद लोगों को डेटिंग ऐप्स और बार कल्चर से अलग एक सहज और सामान्य माहौल देना है, जहां वे आराम से बातचीत कर सकें। हालांकि, कुछ लोगों का मानना है कि अगर कोई गुलाबी टोकरी लेकर खरीदारी करे और उससे कोई बात न करे, तो स्थिति थोड़ी असहज भी हो सकती है।
पहले भी इस्तेमाल हो चुकी हैं अलग अलग रंगों की टोकरियां
पिंक बास्केट से पहले फिनलैंड में ऑरेंज और पीले रंग की “सिंगल बास्केट” का भी इस्तेमाल किया जा चुका है। समय के साथ टोकरी के रंग बदलते रहे, लेकिन इसका उद्देश्य हमेशा एक ही रहा सिंगल लोगों को बिना किसी ऐप के नए लोगों से मिलने का मौका देना।
सोशल मीडिया पर इस ट्रेंड को लेकर लोगों की अलग अलग प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। कुछ लोग इसे रिश्ते बनाने का शानदार तरीका बता रहे हैं, जबकि कुछ मजाक में कह रहे हैं कि उन्हें ऐसी टोकरी भी चाहिए, जो यह बता सके कि वे शॉपिंग के दौरान किसी से बात नहीं करना चाहते।
