वैभव सूर्यवंशी | Source: BBCवैभव सूर्यवंशी Source : BBC

भारत और इंग्लैंड के बीच पांच मैचों की टी20 सीरीज का पहला मुकाबला बुधवार को खेला जाएगा। आयरलैंड के खिलाफ 2-0 से मिली हार के बाद टीम इंडिया इस दौरे पर दमदार वापसी के इरादे से मैदान में उतरेगी। वहीं क्रिकेट फैंस की निगाहें युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी पर टिकी हैं जिनके अंतरराष्ट्रीय टी20 डेब्यू की संभावना लगातार चर्चा में बनी हुई है। हालांकि उनके संभावित डेब्यू पर सबसे बड़ा खतरा टीम चयन नहीं बल्कि इंग्लैंड का मौसम बन सकता है।

बारिश डाल सकती है मैच में खलल

मौसम पूर्वानुमान के अनुसार मुकाबले के दौरान आसमान में बादल छाए रहने की संभावना है। अधिकतम तापमान करीब 21 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है जबकि 35 फीसदी बारिश की संभावना जताई गई है।

रिपोर्ट के मुताबिक दोपहर 2 बजे और भारतीय समयानुसार शाम 6:30 बजे से सुबह 7:30 बजे IST तक बीच बीच में बारिश हो सकती है। भारतीय समयानुसार मैच रात 10 बजे शुरू होगा और देर रात तक चलेगा। ऐसे में बारिश के कारण मुकाबले में देरी या ओवरों में कटौती की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता। अगर ऐसा होता है तो वैभव सूर्यवंशी के संभावित डेब्यू का इंतजार भी लंबा हो सकता है।

बादलों का फायदा उठाएंगे तेज गेंदबाज

इंग्लैंड की परिस्थितियों में बादलों से घिरा मौसम हमेशा तेज गेंदबाजों के लिए मददगार माना जाता है। नई गेंद से स्विंग मिलने की पूरी उम्मीद रहेगी जिससे शुरुआती ओवर बल्लेबाजों के लिए चुनौतीपूर्ण हो सकते हैं। वहीं अगर बारिश नहीं होती है तो रात बढ़ने के साथ ओस भी दूसरी पारी में अहम भूमिका निभा सकती है जिससे लक्ष्य का पीछा करने वाली टीम को फायदा मिल सकता है।

चेस्टर ले स्ट्रीट पिच रिपोर्ट

चेस्टर ले स्ट्रीट की पिच बल्लेबाजों और गेंदबाजों दोनों के लिए संतुलित मानी जाती है। शुरुआती ओवरों में बल्लेबाजों को अच्छा उछाल मिलता है लेकिन नई गेंद से तेज गेंदबाजों को सीम और स्विंग दोनों का फायदा मिल सकता है।

इस मैदान पर खेले गए टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों में 122 रन से लेकर 211 रन तक के स्कोर बने हैं। आंकड़े बताते हैं कि यहां दूसरी पारी में बल्लेबाजी करने वाली टीम का रिकॉर्ड बेहतर रहा है। ऐसे में टॉस जीतने वाली टीम पहले गेंदबाजी का फैसला कर सकती है ताकि परिस्थितियों और ओस दोनों का फायदा उठाया जा सके।