राजपुर के विधायक संतोष कुमार निराल ने फीता काटकर विद्यालयों का विधिवत उद्घाटन किया। Source : Facebook: Santosh Nirala
राजपुर (बक्सर): ग्रामीण क्षेत्रों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को बढ़ावा देने की दिशा में राजपुर विधानसभा क्षेत्र को बड़ी सौगात मिली है। राजपुर और कैथना में नवनिर्मित मॉडल +2 उच्च विद्यालयों का मुख्यमंत्री ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से लोकार्पण किया। इसके बाद स्थानीय स्तर पर आयोजित कार्यक्रम में राजपुर के विधायक संतोष कुमार निराला ने दीप प्रज्वलित कर एवं फीता काटकर विद्यालयों का विधिवत उद्घाटन किया। इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों, शिक्षकों, छात्र-छात्राओं और बड़ी संख्या में ग्रामीणों की मौजूदगी रही।
ग्रामीण शिक्षा को मिलेगा नया आयाम
मुख्यमंत्री द्वारा वर्चुअल लोकार्पण के साथ ही दोनों विद्यालयों में शिक्षा के नए अध्याय की शुरुआत हो गई। सरकार की इस पहल का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों को शहरों की तर्ज पर आधुनिक और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना है। इन विद्यालयों के शुरू होने से अब आसपास के गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों के बच्चों को बेहतर शिक्षा के लिए दूसरे शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा। इससे समय और आर्थिक संसाधनों दोनों की बचत होगी, साथ ही स्थानीय स्तर पर बेहतर शैक्षणिक माहौल भी विकसित होगा।
विधायक ने कहा- बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए विधायक संतोष कुमार निराला ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि राजपुर विधानसभा क्षेत्र का समग्र विकास उनकी प्राथमिकता है और शिक्षा के क्षेत्र में यह एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। विधायक ने कहा कि मॉडल +2 विद्यालय केवल एक भवन नहीं, बल्कि क्षेत्र के बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव है। यहां विद्यार्थियों को विज्ञान, कंप्यूटर और आधुनिक तकनीकों से जुड़कर बेहतर शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिलेगा, जिससे वे भविष्य में विभिन्न क्षेत्रों में सफलता हासिल कर सकेंगे।
स्मार्ट क्लास, लैब और लाइब्रेरी जैसी आधुनिक सुविधाएं
राजपुर और कैथना के मॉडल +2 विद्यालयों को अत्याधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित किया गया है। यहां डिजिटल बोर्ड और विजुअल एड्स से युक्त स्मार्ट क्लासरूम, भौतिकी, रसायन शास्त्र और जीव विज्ञान की आधुनिक प्रयोगशालाएं, कंप्यूटर लैब तथा समृद्ध पुस्तकालय की व्यवस्था की गई है। इन संसाधनों के माध्यम से विद्यार्थियों को आधुनिक शिक्षा प्रणाली के अनुरूप पढ़ाई का अवसर मिलेगा।
विद्यालयों के उद्घाटन को लेकर ग्रामीणों, अभिभावकों और छात्र-छात्राओं में खासा उत्साह देखने को मिला। लोगों का कहना है कि इन विद्यालयों के शुरू होने से विशेष रूप से छात्राओं को उच्च शिक्षा के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय प्रशासन और स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने विधायक संतोष कुमार निराला को बुके और अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया।

