नई दिल्ली। भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (ISRO) में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खुशखबरी है। ISRO ने नई दिल्ली, बेंगलुरु समेत अपने 8 प्रमुख केंद्रों के लिए असिस्टेंट, जूनियर पर्सनल असिस्टेंट, अपर डिवीजन क्लर्क (UDC), स्टेनोग्राफर और अन्य पदों पर भर्ती का आधिकारिक नोटिफिकेशन जारी कर दिया है। इस भर्ती अभियान के तहत कुल 242 रिक्त पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी। इच्छुक एवं पात्र अभ्यर्थी 27 जुलाई 2026 से 16 अगस्त 2026 तक आधिकारिक वेबसाइट www.isro.gov.in पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
किस-किस पद पर होगी भर्ती?
ISRO की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार विभिन्न पदों पर निम्नलिखित रिक्तियां घोषित की गई हैं—
- असिस्टेंट – 111 पद
- जूनियर पर्सनल असिस्टेंट – 81 पद
- अपर डिवीजन क्लर्क (UDC) – 22 पद
- स्टेनोग्राफर – 10 पद
- असिस्टेंट (स्वायत्त निकाय) – 17 पद
- जूनियर पर्सनल असिस्टेंट (स्वायत्त निकाय) – 1 पद
कुल रिक्तियां – 242 पद
इन 8 केंद्रों में मिलेगी नियुक्ति
भर्ती के तहत चयनित अभ्यर्थियों की नियुक्ति ISRO के निम्नलिखित केंद्रों में की जाएगी—
- अहमदाबाद
- बेंगलुरु
- हासन
- हैदराबाद
- महेंद्रगिरी
- नई दिल्ली
- श्रीहरिकोटा
- तिरुवनंतपुरम
उम्मीदवारों को आवेदन पत्र भरते समय अपनी पसंद का केंद्र चुनना होगा।
शैक्षणिक योग्यता क्या होनी चाहिए?
असिस्टेंट एवं अपर डिवीजन क्लर्क
इन पदों के लिए किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से कम से कम 60 प्रतिशत अंक या 6.32 CGPA के साथ स्नातक (Graduation) होना आवश्यक है। साथ ही अभ्यर्थी को कंप्यूटर पर कार्य करने का ज्ञान होना चाहिए।
जूनियर पर्सनल असिस्टेंट एवं स्टेनोग्राफर
इन पदों के लिए अभ्यर्थी के पास किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से 60 प्रतिशत अंक या 6.32 CGPA के साथ स्नातक की डिग्री अथवा कमर्शियल/सेक्रेटेरियल प्रैक्टिस में डिप्लोमा होना चाहिए। इसके अतिरिक्त एक वर्ष का स्टेनो टाइपिस्ट/स्टेनोग्राफर का अनुभव, अंग्रेजी स्टेनोग्राफी में 60 शब्द प्रति मिनट की गति तथा कंप्यूटर का ज्ञान अनिवार्य है।
आयु सीमा और आरक्षण का लाभ
इस भर्ती के लिए अधिकतम आयु 28 वर्ष निर्धारित की गई है। अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) के अभ्यर्थियों को 31 वर्ष तथा अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (SC/ST) वर्ग के अभ्यर्थियों को 33 वर्ष तक आवेदन करने की अनुमति होगी।
इसके अलावा सरकारी नियमों के अनुसार सेवारत कर्मचारी, भूतपूर्व सैनिक (Ex-Servicemen), दिव्यांगजन, प्रतिभावान खिलाड़ी, विधवा एवं तलाकशुदा महिलाएं जिन्होंने पुनर्विवाह नहीं किया है, उन्हें निर्धारित प्रावधानों के तहत आयु सीमा में छूट मिलेगी। आयु की गणना 16 अगस्त 2026 के आधार पर की जाएगी।
महत्वपूर्ण तिथियां और वेतन
- ऑनलाइन आवेदन शुरू – 27 जुलाई 2026
- आवेदन की अंतिम तिथि – 16 अगस्त 2026
- आधिकारिक वेबसाइट – www.isro.gov.in
चयनित उम्मीदवारों को 25,500 बेसिक वेतन के साथ महंगाई भत्ता (DA), मकान किराया भत्ता (HRA), परिवहन भत्ता तथा अन्य सरकारी सुविधाएं भी प्रदान की जाएंगी।
कैसे होगा चयन?
ISRO भर्ती प्रक्रिया तीन चरणों में पूरी होगी।
लिखित परीक्षा
सभी पदों के लिए 150 मिनट की वस्तुनिष्ठ (Objective Type) लिखित परीक्षा आयोजित की जाएगी। सामान्य वर्ग के अभ्यर्थियों को 50 प्रतिशत तथा आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों को 40 प्रतिशत अंक प्राप्त करना आवश्यक होगा।
स्किल टेस्ट
लिखित परीक्षा में प्रदर्शन के आधार पर 1:5 के अनुपात में उम्मीदवारों को स्किल टेस्ट के लिए बुलाया जाएगा।
अंतिम चयन
अंतिम चयन स्किल टेस्ट में सफल अभ्यर्थियों के लिखित परीक्षा के प्राप्तांक के आधार पर किया जाएगा।
आवेदन शुल्क कितना देना होगा?
सभी पदों के लिए 100 rs आवेदन शुल्क निर्धारित किया गया है। इसके अलावा पद के अनुसार प्रोसेसिंग शुल्क का भुगतान भी करना होगा।
- असिस्टेंट/अपर डिवीजन क्लर्क – 500 rs
- जूनियर पर्सनल असिस्टेंट/स्टेनोग्राफर – 500 rs
- दोनों श्रेणियों के लिए आवेदन करने पर – 1000 rs
ISRO के अनुसार CBT लिखित परीक्षा में शामिल होने वाले उम्मीदवारों को आवेदन शुल्क को छोड़कर प्रोसेसिंग शुल्क वापस कर दिया जाएगा। वहीं महिला, SC, ST, PwBD और Ex-Servicemen श्रेणी के उन अभ्यर्थियों को, जिन्हें आवेदन शुल्क में छूट प्राप्त है, नियमों के अनुसार पूरी राशि वापस की जाएगी।
आवेदन से पहले नोटिफिकेशन अवश्य पढ़ें
ISRO ने अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि आवेदन करने से पहले आधिकारिक अधिसूचना में दी गई पात्रता, आयु सीमा, चयन प्रक्रिया, शुल्क और आवश्यक दस्तावेजों की पूरी जानकारी ध्यानपूर्वक पढ़ लें। आवेदन केवल ऑनलाइन माध्यम से ही स्वीकार किए जाएंगे।
