PM modi

PM modi

पटना। वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही में भारत की GDP में दर्ज 7.8 प्रतिशत की वृद्धि को लेकर भाजपा ने विपक्ष पर निशाना साधा है। भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता सुरेश रूंगटा ने कहा कि यह आंकड़ा भारत की मजबूत आर्थिक बुनियाद और तेज विकास का संकेत है। उन्होंने दावा किया कि मौजूदा वैश्विक आर्थिक चुनौतियों के बीच भारत की अर्थव्यवस्था का 7.8 प्रतिशत की दर से बढ़ना देश की आर्थिक ताकत को दर्शाता है।

रूंगटा ने कहा कि जब दुनिया के कई देश आर्थिक मंदी, ऊर्जा संकट और भू-राजनीतिक तनाव जैसी परिस्थितियों का सामना कर रहे हैं, उस समय भारत की अर्थव्यवस्था लगातार आगे बढ़ रही है। उन्होंने इसे देश के लिए सकारात्मक आर्थिक संकेत बताते हुए कहा कि भारत की विकास दर वैश्विक स्तर पर मजबूत स्थिति में है।


‘अर्थव्यवस्था डेड है तो 7.8% की वृद्धि कहां से आई?’

भाजपा प्रवक्ता ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर भी निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी लगातार भारत की अर्थव्यवस्था को लेकर नकारात्मक माहौल बनाने की कोशिश करते रहे हैं। रूंगटा ने कहा कि यदि विपक्ष के दावे के मुताबिक भारतीय अर्थव्यवस्था ‘डेड’ है तो फिर 7.8 प्रतिशत की वृद्धि किस बात का प्रमाण है।

उन्होंने कहा कि देश की जनता जमीनी स्तर पर हो रहे विकास कार्यों को देख रही है और भारत की बढ़ती आर्थिक क्षमता को महसूस कर रही है। रूंगटा के मुताबिक वैश्विक स्तर पर भी भारत की आर्थिक ताकत को स्वीकार किया जा रहा है।


‘आर्थिक उपलब्धियों पर राजनीति न करे विपक्ष’

रूंगटा ने विपक्ष से देश की आर्थिक उपलब्धियों को राजनीतिक नजरिये से देखने के बजाय तथ्यों को स्वीकार करने की अपील की। उन्होंने कहा कि आर्थिक प्रगति को नकारना देश के करोड़ों लोगों की मेहनत को नकारने के समान है।

उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश की विकास यात्रा जारी रहने का दावा करते हुए कहा कि भारत न रुका है और न झुका है। उनके मुताबिक आर्थिक विकास की मौजूदा गति देश को 2047 तक विकसित राष्ट्र बनाने के लक्ष्य की दिशा में आगे ले जा रही है।

भाजपा प्रवक्ता ने विपक्ष से राजनीतिक चश्मा हटाकर देश की आर्थिक स्थिति को देखने की बात कही। उन्होंने कहा कि वास्तविक आंकड़ों और जमीनी विकास को देखने पर भारत की आर्थिक प्रगति की तस्वीर स्पष्ट दिखाई देती है।