सीएम उमर अब्दुल्ला को BJP का 100 करोड़ का नोटिस, जानिए क्यों लगा मानहानि का आरोप
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला को 100 करोड़ रुपये का कानूनी नोटिस भेजते हुए उन पर पार्टी के खिलाफ कथित रूप से झूठे, बेबुनियाद और मानहानिकारक आरोप लगाने का आरोप लगाया है। 
Omar Abdullah vs BJP:सीएम उमर अब्दुल्ला को BJP का 100 करोड़ का नोटिस, जानिए क्यों लगा मानहानि का आरोपSource : Dainik jagaran.com
भाजपा ने नोटिस में कहा है कि यदि तय समय के भीतर आरोप वापस नहीं लिए गए तो मानहानि का मुकदमा दायर किया जाएगा।
जम्मू-कश्मीर भाजपा अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद सतपाल शर्मा की ओर से अधिवक्ता परिमोक्ष सेठ ने यह कानूनी नोटिस जारी किया है। नोटिस में मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला को सात दिनों के भीतर अपने बयान लिखित रूप से वापस लेने और बिना शर्त सार्वजनिक माफी मांगने को कहा गया है।
नोटिस के मुताबिक,11 जुलाई 2026 को श्रीनगर में आयोजित एक सम्मेलन के दौरान उमर अब्दुल्ला ने दावा किया था कि भाजपा के एक पदाधिकारी ने जम्मू क्षेत्र के नेशनल कॉन्फ्रेंस (नेकां) के विधायकों को पार्टी छोड़कर भाजपा में शामिल होने के लिए 20 से 30 करोड़ रुपये, मंत्री पद और जम्मू-कश्मीर का राज्य का दर्जा बहाल कराने का आश्वासन दिया था। भाजपा ने इन आरोपों को पूरी तरह निराधार और राजनीतिक रूप से प्रेरित बताया है।
क्या बोले थे उमर अब्दुल्ला?
मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने दावा किया था कि भाजपा का एक वरिष्ठ पदाधिकारी, जो पेशे से सुप्रीम कोर्ट का अधिवक्ता भी है, ने नेशनल कॉन्फ्रेंस (नेकां) के विधायकों को कथित तौर पर पार्टी छोड़ने के बदले रिश्वत और अन्य राजनीतिक प्रस्ताव दिए थे। उनके इस बयान के बाद मामला राजनीतिक विवाद में बदल गया।
भाजपा ने इन आरोपों को पूरी तरह झूठा, बेबुनियाद और दुर्भावनापूर्ण बताते हुए खारिज कर दिया। पार्टी का कहना है कि मुख्यमंत्री के बयान का प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया में व्यापक प्रसारण हुआ, जिससे भाजपा की छवि और प्रतिष्ठा को गंभीर नुकसान पहुंचा है।
कानूनी नोटिस में कहा गया है कि इस तरह के आरोप मानहानि की श्रेणी में आते हैं और इन्हें लेकर दीवानी व आपराधिक दोनों तरह की कानूनी कार्रवाई की जा सकती है। भाजपा ने स्पष्ट किया है कि यदि सात दिनों के भीतर उमर अब्दुल्ला अपने आरोप वापस लेकर सार्वजनिक रूप से बिना शर्त माफी नहीं मांगते हैं, तो उनके खिलाफ 100 करोड़ रुपये के मानहानि दावे समेत अन्य कानूनी कदम उठाए जाएंगे।
भाजपा ने उमर अब्दुल्ला को क्या चेतावनी दी?
कानूनी नोटिस में भाजपा ने मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला को भविष्य में पार्टी के खिलाफ किसी भी तरह के कथित झूठे, भ्रामक या मानहानिकारक बयान देने या उनका प्रचार-प्रसार करने से बचने की चेतावनी दी है। पार्टी का कहना है कि इस तरह के आरोप उसकी साख और सार्वजनिक छवि को नुकसान पहुंचाते हैं।
नोटिस में भाजपा ने यह भी उल्लेख किया है कि वह 14 करोड़ से अधिक पंजीकृत सदस्यों के साथ दुनिया की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी है। पार्टी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा भारत को वैश्विक स्तर पर एक मजबूत शक्ति बनाने की दिशा में काम कर रही है और ऐसे निराधार आरोप उसकी प्रतिष्ठा को ठेस पहुंचाने का प्रयास हैं।
