Bihar Students Protest: पटना के बाद कटिहार में भी बवाल, पुलिस का लाठीचार्ज; बेगूसराय में छात्रों का मार्च, PM मोदी तक उठे सवाल | Source: Abp news.comBihar Students Protest: नीट पेपर लीक (NEET Paper Leak) मामले को लेकर बिहार में छात्रों का आंदोलन लगातार तेज होता जा रहा है। पटना के बाद अब इसका असर राज्य के दूसरे जिलों में भी देखने को मिल रहा है। गुरुवार (23 जुलाई, 2026) को कटिहार में छात्रों के प्रदर्शन के दौरान स्थिति तनावपूर्ण हो गई, जिसके बाद पुलिस ने लाठीचार्ज किया। वहीं, बेगूसराय में भी विभिन्न छात्र संगठनों ने विरोध मार्च निकाला।

Bihar Students Protest: पटना के बाद कटिहार में भी बवाल, पुलिस का लाठीचार्ज; बेगूसराय में छात्रों का मार्च, PM मोदी तक उठे सवालSource : Abp news.com

कटिहार में प्रदर्शन डीएम कार्यालय के पास हुआ, जहां प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच टकराव की स्थिति बन गई। हालात बिगड़ने पर पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर करने के लिए लाठीचार्ज किया। इस दौरान प्रदर्शन के बीच ईंट-पत्थरबाजी की भी घटना सामने आई, जिससे इलाके में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

प्रदर्शन के दौरान एक छात्र ने मीडिया से बातचीत में कहा कि नीट समेत अन्य भर्ती और प्रतियोगी परीक्षाओं के पेपर लीक के लिए केवल केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ही नहीं, बल्कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी जिम्मेदार हैं। छात्र ने कहा कि बार-बार हो रही पेपर लीक की घटनाओं के लिए सरकार को जवाब देना चाहिए।

डीएम ऑफिस में घुसने की कोशिश, पुलिस ने रोका

जानकारी के मुताबिक, कटिहार में छात्र अपनी मांगों को लेकर **डीएम कार्यालय** के बाहर प्रदर्शन और नारेबाजी कर रहे थे। इसी दौरान कुछ प्रदर्शनकारियों ने डीएम ऑफिस परिसर में प्रवेश करने की कोशिश की। पुलिस ने जब उन्हें रोकने का प्रयास किया तो माहौल तनावपूर्ण हो गया और दोनों पक्षों के बीच टकराव की स्थिति बन गई।

कटिहार में कई छात्रों को हिरासत में लिया गया

प्रदर्शनकारियों को रोकने के दौरान पुलिस और छात्रों के बीच झड़प हो गई। हालात बिगड़ने पर पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करने के लिए लाठीचार्ज किया। घटना के बाद इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया। वहीं, कई छात्रों को हिरासत में लिए जाने की भी सूचना है। प्रदर्शन के चलते शहर के कुछ इलाकों में एहतियातन दुकानें भी बंद कराई गईं।

छात्र संगठनों की मुख्य मांग है कि केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा दें और नीट पेपर लीक मामले के सभी दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।

इधर, बेगूसराय में भी हजारों छात्र-छात्राओं ने प्रदर्शन कर केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग उठाई। यह प्रदर्शन डीएम कार्यालय के मुख्य प्रवेश द्वार के पास आयोजित किया गया। वहीं मधुबनी में भीम आर्मी ने भी विरोध मार्च निकाला। सुबह 11 बजे मधुबनी रेलवे स्टेशन से शुरू हुआ यह मार्च शहर के विभिन्न मार्गों से गुजरते हुए वाटसन स्कूल पहुंचा और बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर स्मारक के पास सभा के साथ समाप्त हुआ।