छात्रों पर लाठीचार्ज से भड़के तेज प्रताप यादव | Source: Abp Newsछात्रों पर लाठीचार्ज से भड़के तेज प्रताप यादव Source : Abp News

पटना: राजधानी पटना में छात्र संगठन आइसा (AISA) के विरोध मार्च के दौरान पुलिस लाठीचार्ज के बाद बिहार की राजनीति गरमा गई है। जनशक्ति जनता दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेज प्रताप यादव ने इस घटना की कड़ी निंदा करते हुए सरकार पर छात्रों की आवाज दबाने का आरोप लगाया। वहीं राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के नेताओं ने भी पुलिस कार्रवाई को लोकतंत्र के खिलाफ बताते हुए सरकार पर तीखा हमला बोला।

तेज प्रताप यादव बोले- छात्रों के अधिकारों की लड़ाई जारी रहेगी

पटना में छात्रों पर हुई पुलिस कार्रवाई के बाद तेज प्रताप यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने लिखा कि अपने अधिकारों की मांग कर रहे छात्रों पर लाठीचार्ज बेहद निंदनीय और दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में युवाओं की आवाज को लाठियों के बल पर नहीं दबाया जा सकता। तेज प्रताप ने कहा कि जनशक्ति जनता दल छात्रों और युवाओं के अधिकारों की लड़ाई में हमेशा उनके साथ खड़ा रहेगा तथा न्याय, सम्मान और उनके अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रहेगा।

1

आरजेडी ने भी सरकार को घेरा

आरजेडी के मुख्य प्रवक्ता शक्ति सिंह यादव ने भी इस घटना की कड़ी आलोचना की। उन्होंने कहा कि दिल्ली से पटना तक छात्रों पर लाठीचार्ज और आंसू गैस का इस्तेमाल सरकार की दमनकारी नीति को दर्शाता है। उन्होंने आरोप लगाया कि नीट पेपर लीक और शिक्षा व्यवस्था से जुड़े मुद्दों पर सवाल उठाने वाले छात्रों की आवाज दबाई जा रही है।

शक्ति यादव ने कहा कि लोकतंत्र में समस्याओं का समाधान संवाद से होता है, न कि लाठीचार्ज से। उन्होंने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को पद से हटाने की मांग दोहराते हुए कहा कि यदि छात्रों का आक्रोश बढ़ा तो सरकार को इसका राजनीतिक खामियाजा भुगतना पड़ सकता है।