प्रशांत किशोर। | Source: Chrome

प्रशांत किशोर।Source : Chrome

बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव को लेकर चुनावी सरगर्मी तेज हो गई है। भाजपा के राष्ट्रीय मंत्री ऋतुराज सिन्हा ने चुनाव प्रचार के दौरान जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर पर निशाना साधते हुए कहा कि बांकीपुर को राजनीतिक सलाहकार नहीं, जनता के बीच रहने वाला जनसेवक चाहिए। वहीं पार्टी कार्यकर्ताओं को रोजाना घर-घर जाकर मतदाताओं से संपर्क करने का लक्ष्य भी दिया गया।

बांकीपुर को सेवा करने वाला प्रतिनिधि चाहिए'

करबिगहिया और चांदपुर बेला में आयोजित चुनावी सभाओं को संबोधित करते हुए ऋतुराज सिन्हा ने कहा कि यह उपचुनाव केवल एक सीट का नहीं, बल्कि क्षेत्र के विकास और जनता के भरोसे का चुनाव है। उन्होंने कहा कि बांकीपुर की जनता ऐसे प्रतिनिधि का चुनाव करेगी जो हर समय लोगों के बीच मौजूद रहे और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए काम करे।

प्रशांत किशोर पर साधा निशाना

भाजपा नेता ने कहा कि प्रशांत किशोर लंबे समय तक दूसरे नेताओं के लिए चुनावी रणनीति बनाते रहे हैं, लेकिन अब वे बांकीपुर को राजनीतिक प्रयोग का केंद्र बनाना चाहते हैं। उन्होंने दावा किया कि क्षेत्र की जनता किसी प्रयोग का हिस्सा नहीं बनेगी और सेवा के आधार पर अपना निर्णय करेगी।

कार्यकर्ताओं को दिया विशेष अभियान का जिम्मा

सभा के दौरान बिहार राज्य धार्मिक न्यास परिषद के अध्यक्ष प्रो. रणबीर नंदन ने भी कार्यकर्ताओं को चुनावी रणनीति समझाई। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे प्रतिदिन कम से कम दस मतदाताओं से संपर्क करें, भाजपा सरकार के विकास कार्यों की जानकारी दें और पार्टी प्रत्याशी नीरज सिन्हा के पक्ष में मतदान की अपील करें।

जन सुराज ने छात्र आंदोलन को बनाया चुनावी मुद्दा

दूसरी ओर जन सुराज के उम्मीदवार प्रशांत किशोर ने छात्र आंदोलन और पुलिस कार्रवाई को चुनावी मुद्दा बनाया। उन्होंने कहा कि छात्रों पर हुई लाठीचार्ज की घटना की वे निंदा करते हैं और ऐसे आंदोलनों को बल प्रयोग से नहीं रोका जा सकता। उन्होंने दावा किया कि छात्रों की आवाज दबाने से आंदोलन खत्म नहीं होगा।

जनसंपर्क अभियान में जुटे प्रशांत किशोर

प्रशांत किशोर ने गुरुवार को बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र के कई वार्डों में जनसंपर्क अभियान चलाया। उन्होंने मोहल्ला बैठकों में स्थानीय लोगों और प्रबुद्ध नागरिकों से मुलाकात की, उनकी समस्याएं सुनीं और जन सुराज के पक्ष में समर्थन की अपील की। उपचुनाव को लेकर क्षेत्र में भाजपा और जन सुराज दोनों ने प्रचार अभियान तेज कर दिया है।