गोपालगंज के सेमराव गांव में आयोजित कार्यक्रम से जुड़े मामले में विधायक अनंत सिंह और भोजपुरी गायक गुंजन सिंह ने कोर्ट में किया आत्मसमर्पण।Anant Singh Surrender: मोकामा विधायक अनंत सिंह ने MP-MLA कोर्ट में किया सरेंडर, जानिए क्यों करना पड़ा सरेंडर? | Source: Apb news.com

Anant Singh Surrender: मोकामा विधायक अनंत सिंह ने MP-MLA कोर्ट में किया सरेंडर, जानिए क्यों करना पड़ा सरेंडर?Source : Apb news.com

बिहार के मोकामा से जेडीयू विधायक अनंत सिंह और भोजपुरी गायक गुंजन सिंह ने सोमवार (13 जुलाई 2026) को गोपालगंज स्थित एमपी-एमएलए कोर्ट में सरेंडर कर दिया। दोनों गोपालगंज के मीरगंज थाना क्षेत्र के सेमराव गांव में आयोजित एक कार्यक्रम से जुड़े मामले में अदालत के सामने पेश हुए।

कोर्ट में सुनवाई के दौरान वरिष्ठ अधिवक्ता राजेश पाठक ने दोनों की ओर से पक्ष रखते हुए कहा कि पुलिस ने यह मामला उन्हें फंसाने की मंशा से दर्ज किया है। अदालत के आदेश के बाद विधायक अनंत सिंह और गुंजन सिंह व्यक्तिगत रूप से कोर्ट में उपस्थित हुए। अब इस मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया अदालत की सुनवाई के बाद तय होगी।

कोर्ट ने दी स्थायी जमानत

सुनवाई के दौरान अभियोजन पक्ष की ओर से एपीओ मंजय मधूप ने अदालत को बताया कि पुलिस की चार्जशीट में विधायक अनंत सिंह और भोजपुरी गायक गुंजन सिंह पर गंभीर आरोप लगाए गए हैं। आरोप है कि एक कार्यक्रम के दौरान अश्लील गीत पर डांसर के साथ नृत्य करते हुए हथियार भी लहराए गए थे। दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद अदालत ने अनंत सिंह और गुंजन सिंह की स्थायी जमानत याचिका मंजूर कर ली।

इस बीच, जब अनंत सिंह कोर्ट परिसर पहुंचे, तब तक न्यायाधीश अपनी सीट से उठ चुके थे। दोनों के अदालत पहुंचने की सूचना मिलते ही कोर्ट परिसर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई और किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया।

जज लौटे, हुई सुनवाई और मिली राहत

कोर्ट पहुंचने के समय तक एमपी-एमएलए कोर्ट के जज अपनी कार्यवाही समाप्त कर जा चुके थे। हालांकि, विधायक अनंत सिंह और भोजपुरी गायक गुंजन सिंह के अदालत पहुंचने के बाद जज दोबारा कोर्ट लौटे और मामले की सुनवाई की। दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद अदालत ने आवश्यक आदेश पारित कर दिए।

सुनवाई के बाद कोर्ट से बाहर निकलते हुए अनंत सिंह ने कहा कि पुलिस ने उन्हें झूठे मामले में फंसाया है। उन्होंने कहा कि उन्हें न्यायपालिका पर पूरा भरोसा है और विश्वास है कि अदालत से उन्हें न्याय मिलेगा।

क्या है पूरा मामला?

यह मामला गोपालगंज जिले के मीरगंज थाना क्षेत्र के सेमराव गांव में मई 2026 में आयोजित एक सांस्कृतिक कार्यक्रम से जुड़ा है। इस कार्यक्रम में मोकामा विधायक अनंत सिंह और भोजपुरी गायक गुंजन सिंह शामिल हुए थे। कार्यक्रम का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, जिसमें कथित तौर पर अश्लील गीत पर डांसर के साथ डांस करते हुए हथियार लहराते हुए कुछ लोग दिखाई दिए।

वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने स्वतः संज्ञान लेते हुए मीरगंज थाना कांड संख्या 247/26 दर्ज किया। इस मामले में विधायक अनंत सिंह, गुंजन सिंह और कई अन्य लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई। इसी केस में दोनों ने सोमवार को गोपालगंज स्थित एमपी-एमएलए कोर्ट में सरेंडर किया, जहां सुनवाई के बाद अदालत ने उनकी स्थायी जमानत मंजूर कर ली।