कनाडा/नई दिल्ली : टोरंटो विश्वविद्यालय के स्कारबोरो परिसर के पास हुई गोलीबारी में एक भारतीय छात्र को गोली लगने से उसकी  जान चली गई है। भारतीय वाणिज्य दूतावास ने इस घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है। टोरंटो पुलिस के अनुसार  हाईलैंड क्रीक ट्रेल और ओल्ड किंग्स्टन रोड क्षेत्र में हुई गोलीबारी में शिवांक अवस्थी नाम के एक भारतीय छात्र की मौत हो गई है। 

विज्ञापन 

इस घटना को लेकर भारतीय दूतावास ने एक ब्यान जारी कर कहा  है कि वह पीड़ित के परिवार के संपर्क में है और स्थानीय अधिकारियों के साथ मिलकर आवश्यक मदद की कोशिश कर रहे हैं। वाणिज्य दूतावास ने अपने ट्विटर अब एक्स पर एक पोस्ट में लिखा है कि  टोरंटो विश्वविद्यालय के स्कारबोरो परिसर के पास हुई गोलीबारी में एक  भारतीय डॉक्टरेट छात्र शिवांक अवस्थी की दुखद मौत पर हम गहरा शोक व्यक्त करते हैं। वाणिज्य दूतावास इस कठिन समय में शोक संतप्त परिवार के संपर्क में है और स्थानीय अधिकारियों के साथ लगातार संपर्क में है। 

डेली टोरंटो सन के अनुसार, गोलीबारी की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस  घटनास्थल पर पहुंच कर वहां उन्हें गोली लगने से घायल एक व्यक्ति मिला, जिसे मौके पर ही मृत घोषित कर दिया गया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पुलिस के पहुंचने से पहले ही हमलावर  घटनास्थल से फरार हो चुके थे।   जांच के दौरान परिसर को बंद कर दिया गया। टोरंटो सन के अनुसार, यह टोरंटो में इस साल इस तरह  की 41वीं हत्या है। 

टोरंटो में इससे पहले 30 वर्षीय  हिमांशी खुराना की हत्या हुई थी। जिसके बाद एक संदिग्ध को लेकर पूरे कनाडा में गिरफ्तारी वारंट जारी किया गया था।