चारधाम यात्रा को हिंदू धर्म की सबसे पवित्र तीर्थ यात्राओं में गिना जाता है। हर साल लाखों श्रद्धालु बद्रीनाथ, केदारनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के दर्शन के लिए उत्तराखंड पहुंचते हैं। इन दिनों चारधाम यात्रा से जुड़े वीडियो और रील्स सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहे हैं। इसी बीच एक ऐसा वीडियो सामने आया है, जिसने इंटरनेट पर बहस छेड़ दी है।


चारों धाम में डांस करती दिखी फैमिली

वायरल वीडियो में एक परिवार चारधाम यात्रा के दौरान अलग-अलग धामों के सामने बॉलीवुड के मशहूर गाने 'छैंया-छैंया' पर डांस करता नजर आ रहा है। वीडियो की शुरुआत यमुनोत्री धाम से होती है, जहां परिवार डांस स्टेप्स करता दिखाई देता है। इसके बाद गंगोत्री, केदारनाथ और बद्रीनाथ धाम के दृश्य दिखाए जाते हैं।

पूरे वीडियो में परिवार कैमरे के लिए पोज देता और रील शूट करता नजर आता है। खूबसूरत पहाड़ों और धार्मिक स्थलों के बीच शूट किया गया यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।


विडियो देखने के लिए नीचे क्लिक करें


वीडियो पर बंटी लोगों की राय

वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों की राय दो हिस्सों में बंट गई है। कुछ लोगों का कहना है कि धार्मिक स्थलों पर इस तरह डांस करना और मनोरंजन के लिए रील बनाना सही नहीं है। उनका मानना है कि चारधाम जैसे पवित्र स्थानों की अपनी धार्मिक गरिमा और शांति होती है, जिसका सम्मान किया जाना चाहिए।

कई यूजर्स ने लिखा कि तीर्थ स्थल केवल घूमने की जगह नहीं हैं, बल्कि आस्था और श्रद्धा के केंद्र हैं। ऐसे में वहां इस तरह के वीडियो बनाना उचित नहीं माना जा सकता।


कई लोगों ने किया समर्थन

वहीं दूसरी ओर, बड़ी संख्या में लोग परिवार के समर्थन में भी नजर आए। उनका कहना है कि अगर किसी ने किसी को परेशान नहीं किया, नियम नहीं तोड़े और केवल अपनी खुशी को कैमरे में कैद किया है, तो इसमें गलत क्या है।

कुछ लोगों का मानना है कि यात्रा सिर्फ पूजा-पाठ तक सीमित नहीं होती, बल्कि परिवार के साथ बिताए गए खास पलों को यादगार बनाने का भी जरिया होती है। फिलहाल यह वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है और लोग इस पर लगातार अपनी राय दे रहे हैं।