मौसम में लगातार हो रहे बदलाव और बढ़ते प्रदूषण का असर लोगों की सेहत पर साफ दिखाई देने लगा है। दिन में तेज धूप और शाम को अचानक बारिश या ठंडी हवा चलने से सर्दी, खांसी और कफ की समस्या तेजी से बढ़ रही है। धूल मिट्टी और प्रदूषित हवा के संपर्क में आने से फेफड़ों में बलगम जमा होने लगता है, जिससे सांस लेने में परेशानी, सीने में जकड़न और लगातार खांसी जैसी समस्याएं हो सकती हैं।

विशेषज्ञों के अनुसार, कफ शरीर की एक प्राकृतिक सुरक्षा प्रणाली का हिस्सा है। यह धूल, बैक्टीरिया और अन्य हानिकारक कणों को फेफड़ों तक पहुंचने से रोकता है। लेकिन जब इसकी मात्रा जरूरत से ज्यादा बढ़ जाती है, तब यह परेशानी का कारण बन सकता है। खासकर अस्थमा, ब्रोंकाइटिस और COPD जैसी बीमारियों से जूझ रहे लोगों के लिए यह स्थिति अधिक गंभीर हो सकती है।

1. भाप लेना सबसे आसान और असरदार उपाय

फेफड़ों और श्वास नलियों में जमा बलगम को ढीला करने के लिए भाप लेना काफी फायदेमंद माना जाता है। गर्म पानी की भाप सांस के जरिए अंदर पहुंचकर बलगम को पतला करती है, जिससे वह आसानी से बाहर निकल सकता है। यदि भाप वाले पानी में नीलगिरी के तेल की कुछ बूंदें मिला दी जाएं तो इसका असर और बढ़ सकता है। इससे बंद नाक खुलने, सीने की जकड़न कम होने और सांस लेने में राहत मिलने में मदद मिलती है।

2. शरीर को रखें हाइड्रेटेड

कफ की समस्या से राहत पाने के लिए पर्याप्त मात्रा में तरल पदार्थ पीना बेहद जरूरी है। गुनगुना पानी, हर्बल चाय, नींबू-शहद का पानी या सूप जैसी चीजें बलगम को पतला रखने में मदद करती हैं। डॉक्टरों का कहना है कि शरीर में पानी की कमी होने पर बलगम अधिक गाढ़ा हो जाता है, जिससे उसे बाहर निकालना मुश्किल हो जाता है। इसके अलावा कमरे में नमी बनाए रखने के लिए ह्यूमिडिफायर का इस्तेमाल भी किया जा सकता है, जिससे सांस की नलियों को आराम मिलता है।

3. रसोई की ये चीजें बन सकती हैं प्राकृतिक दवा

भारतीय रसोई में मौजूद कई मसाले और घरेलू चीजें कफ की समस्या में राहत पहुंचा सकती हैं। अदरक और हल्दी में मौजूद एंटी-इंफ्लेमेटरी गुण फेफड़ों की सूजन और जकड़न को कम करने में मदद करते हैं। हल्दी में पाया जाने वाला करक्यूमिन शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता को मजबूत बनाता है।

वहीं शहद गले को आराम देने और बलगम को पतला करने में मदद कर सकता है। रात में हल्दी वाला दूध पीना भी फायदेमंद माना जाता है। इसके अलावा काली मिर्च और लहसुन भी कफ को कम करने और संक्रमण से बचाव में मददगार हो सकते हैं।

हर्बल चाय और नमक के पानी से गरारे भी फायदेमंद

यदि कफ के साथ गले में खराश या जलन की समस्या हो तो गुनगुने नमक के पानी से गरारे करना राहत दे सकता है। यह गले में मौजूद बैक्टीरिया को कम करने और जमा बलगम को ढीला करने में मदद करता है। इसके अलावा पुदीना, अजवाइन और मुलेठी की हर्बल चाय भी श्वास नलियों को साफ रखने में सहायक मानी जाती है।

डीप ब्रीदिंग एक्सरसाइज से मिल सकती है मदद

विशेषज्ञ बताते हैं कि रोजाना कुछ मिनट गहरी सांस लेने का अभ्यास करने से फेफड़ों की कार्यक्षमता बेहतर होती है। डीप ब्रीदिंग एक्सरसाइज फेफड़ों में ऑक्सीजन के प्रवाह को बढ़ाती है और जमा कफ को ढीला करने में मदद कर सकती है। नियमित शारीरिक गतिविधियां भी श्वसन तंत्र को स्वस्थ रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।