
भारतीय क्रिकेट के उभरते सितारे वैभव सूर्यवंशी की उपलब्धियों से प्रभावित होकर झारखंड सरकार ने उन्हें बड़ी जिम्मेदारी देने का फैसला किया है। स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने घोषणा की है कि युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी को झारखंड स्वास्थ्य विभाग का ब्रांड एंबेसडर बनाया जाएगा। साथ ही उनकी शानदार उपलब्धियों के लिए राज्य में सम्मानित भी किया जाएगा। मंत्री ने कहा कि वैभव आज देश के करोड़ों युवाओं के लिए मेहनत, अनुशासन और सफलता का प्रतीक बन चुके हैं।
वैभव की प्रतिभा की जमकर सराहना
स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने वैभव सूर्यवंशी की तारीफ करते हुए कहा कि भले ही उनकी टीम मैच नहीं जीत सकी, लेकिन उन्होंने करोड़ों भारतीयों का दिल जीत लिया है। उन्होंने कहा कि इतनी कम उम्र में अंतरराष्ट्रीय स्तर के गेंदबाजों का जिस आत्मविश्वास और आक्रामक अंदाज में सामना करना असाधारण प्रतिभा का परिचायक है।
मंत्री ने कहा कि वैभव ने न केवल अपने माता-पिता और बिहार का नाम रोशन किया है, बल्कि पूरे देश को गौरवान्वित किया है। उन्होंने वैभव को बधाई देते हुए जल्द ही झारखंड में सम्मानित करने की बात कही।
करोड़ों युवाओं के लिए प्रेरणा
इरफान अंसारी ने कहा कि मात्र 15 वर्ष की उम्र में वैभव सूर्यवंशी ने जिस साहस, अनुशासन और आत्मविश्वास का परिचय दिया है, वह भारतीय क्रिकेट इतिहास में एक नई मिसाल है। उन्होंने कहा कि वैभव केवल एक खिलाड़ी नहीं, बल्कि युवा ऊर्जा, मेहनत और संघर्ष के प्रतीक हैं।
मंत्री के अनुसार, वैभव की बल्लेबाजी ने पूरे देश को प्रभावित किया है और करोड़ों युवाओं को अपने सपनों को पूरा करने की प्रेरणा दी है।
स्वास्थ्य और फिटनेस का देंगे संदेश
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि वैभव सूर्यवंशी की सकारात्मक सोच और खेल के प्रति समर्पण ने उन्हें व्यक्तिगत रूप से प्रभावित किया है। उन्होंने बताया कि झारखंड स्वास्थ्य विभाग वैभव के साथ मिलकर युवाओं के बीच स्वास्थ्य, फिटनेस, अनुशासन और सकारात्मक जीवनशैली का संदेश पहुंचाएगा।
उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में वैभव सूर्यवंशी भारतीय क्रिकेट को नई ऊंचाइयों तक ले जाएंगे और देश का नाम विश्व स्तर पर रोशन करेंगे।
