महाराष्ट्र के मुंबई स्थित पवई इलाके से एक ऐसी घटना सामने आई है, जिसने हर किसी को झकझोर कर रख दिया है। आरोप है कि एक पिता ने अपने चार साल के बेटे की सिर्फ इसलिए जान ले ली क्योंकि वह भूख लगने पर रो रहा था। मासूम की मौत के बाद पुलिस ने आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच जारी है।
पुलिस के मुताबिक, राजेश सिंह अपने परिवार के साथ पवई के गौतम नगर इलाके में रहता था। परिवार में उसकी मां, पत्नी और दो बच्चे शामिल थे। बताया जा रहा है कि छोटा बेटा यश, जिसकी उम्र चार साल थी, कुछ स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से जूझ रहा था और अपने आहार में मुख्य रूप से दूध लेता था।
रोने की आवाज सुनकर भड़क गया पिता
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, घटना शुक्रवार सुबह की है। यश दूध के लिए रो रहा था, जिससे राजेश की नींद खुल गई। आरोप है कि बेटे के लगातार रोने से वह इतना नाराज हो गया कि उसने बच्चे को उठाकर दरवाजे पर पटक दिया। इस दौरान बच्चे को गंभीर चोटें आईं और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
बहन ने खोला घटना का राज
घटना के बाद राजेश की बहन ने पुलिस को इसकी जानकारी दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और बच्चे के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए राजावाड़ी अस्पताल भेज दिया। इसके बाद आरोपी पिता को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की गई।
15 दिन पहले घर छोड़कर चली गई थी पत्नी
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि राजेश बेरोजगार था और उसे शराब पीने की लत थी। अधिकारियों के मुताबिक, उसकी इसी आदत से परेशान होकर उसकी पत्नी करीब 15 दिन पहले उसे और बच्चों को छोड़कर चली गई थी। इसके बाद बच्चों की जिम्मेदारी परिवार पर ही थी।
पूछताछ में कबूला जुर्म
पुलिस का कहना है कि शुरुआत में राजेश ने घटना को लेकर संतोषजनक जवाब नहीं दिए, लेकिन बाद में पूछताछ के दौरान उसने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। फिलहाल पवई पुलिस मामले की जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।
यह घटना एक बार फिर घरेलू तनाव, नशे की लत और बच्चों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े करती है।
