आंगनबाड़ी केंद्रों के लिए सरकारी भूमि उपलब्ध कराने को प्रशासन सक्रिय
बक्सर।
आंगनबाड़ी सेवा योजना के अंतर्गत निजी भवनों में संचालित आंगनबाड़ी केंद्रों को सरकारी अथवा उपयुक्त स्थलों पर संचालित किए जाने को लेकर प्रशासन ने सक्रियता बढ़ा दी है। इसी क्रम में डुमरांव अनुमंडल में लंबित मामलों की समीक्षा हेतु एक बैठक आयोजित की गई।
बैठक की अध्यक्षता अनुमंडल पदाधिकारी डुमरांव राकेश कुमार ने की। बैठक में परियोजना पदाधिकारी, बाल विकास परियोजना पदाधिकारी (सीडीपीओ) सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। समीक्षा के दौरान यह तथ्य सामने आया कि जिले के कई प्रखंडों में आंगनबाड़ी केंद्र अब भी निजी भवनों में संचालित हो रहे हैं।
प्रखंडवार जानकारी के अनुसार नावानगर में 14, डुमरांव में 10, ब्रह्मपुर में 4 तथा चक्की प्रखंड में 2 आंगनबाड़ी केंद्र निजी भवनों में संचालित हैं। प्रशासन द्वारा इन सभी केंद्रों के लिए सरकारी अथवा अन्य उपयुक्त भूमि चिह्नित किए जाने की आवश्यकता जताई गई।
अनुमंडल पदाधिकारी ने निर्देश दिया कि जिन मामलों में सेविका अथवा सहायिका द्वारा आंगनबाड़ी केंद्र के लिए स्थल उपलब्ध नहीं कराया गया है, वहां संबंधित अंचलाधिकारी से समन्वय स्थापित कर शीघ्र सरकारी भूमि की पहचान की जाए।
इसके अतिरिक्त निजी भवनों में संचालित आंगनबाड़ी केंद्रों के लिए भूमि उपलब्ध कराने तथा अतिक्रमण से संबंधित मामलों की विशेष समीक्षा हेतु 24 दिसंबर 2025 को अपराह्न 4 बजे अंचलाधिकारी, संबंधित सीडीपीओ, मनरेगा पीओ एवं राजस्व कर्मियों के साथ संयुक्त बैठक आयोजित की जाएगी। सभी संबंधित अधिकारियों को निर्धारित समय पर उपस्थित रहने के निर्देश दिए गए हैं।
