Ghaziabad से सामने आए एक वायरल वीडियो ने सोशल मीडिया पर नई बहस छेड़ दी है। एलएलबी छात्रा से दुष्कर्म के आरोपी और हिंदू युवा वाहिनी के पूर्व नगर अध्यक्ष सुशील प्रजापति के जेल से बाहर आते ही समर्थकों ने उनका भव्य स्वागत किया। जेल गेट के बाहर फूल-मालाएं पहनाई गईं, गाड़ियों का काफिला निकाला गया और जमकर नारेबाजी की गई। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो अब इंटरनेट पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसके बाद पुलिस प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है।


जमानत पर रिहा होते ही शक्ति प्रदर्शन

रिपोर्ट्स के मुताबिक, सुशील प्रजापति को 11 अगस्त 2025 को मुरादनगर थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेजा था। उन पर 25 हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया गया था। करीब नौ महीने बाद 17 मई को जमानत पर रिहा होने के बाद उनके समर्थकों ने जेल के बाहर रोड शो जैसा माहौल बना दिया। वायरल वीडियो में समर्थक आरोपी को फूल-मालाएं पहनाते, नारे लगाते और गाड़ियों के काफिले के साथ शक्ति प्रदर्शन करते दिखाई दे रहे हैं। सोशल मीडिया पर इस वीडियो को लेकर लोग अलग-अलग प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं और कई यूजर्स सवाल उठा रहे हैं कि गंभीर आरोपों का सामना कर रहे व्यक्ति का इस तरह सार्वजनिक स्वागत क्यों किया गया।


एलएलबी छात्रा ने लगाए गंभीर आरोप

पूरा मामला अगस्त 2025 में सामने आया था, जब मोदीनगर की रहने वाली एक एलएलबी छात्रा ने सुशील प्रजापति के खिलाफ दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज कराया था। पीड़िता के अनुसार, आरोपी ने गाजियाबाद कोर्ट में चैंबर दिलाने और प्रैक्टिस में मदद करने का भरोसा देकर उससे संपर्क बढ़ाया। आरोप है कि बाद में वह छात्रा को अपनी थार गाड़ी से एक फ्लैट पर ले गया, जहां कथित तौर पर कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर उसके साथ दुष्कर्म किया गया। पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि घटना के बाद आरोपी ने उसे जान से मारने की धमकी दी थी।


वायरल वीडियो के बाद पुलिस जांच में जुटी

अब आरोपी की जमानत के बाद निकाले गए स्वागत जुलूस और रोड शो ने पूरे मामले को फिर चर्चा में ला दिया है। वायरल वीडियो सामने आने के बाद पुलिस प्रशासन ने इसकी जांच शुरू कर दी है। डीसीपी ग्रामीण सुरेंद्र नाथ तिवारी ने कहा कि वीडियो पुलिस के संज्ञान में आया है और पूरे मामले की गहनता से जांच की जा रही है। जांच के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। @⁨Dr Danish Sir⁩