मौसम बदलते ही खांसी, जुकाम, गले में खराश या हर समय थकान महसूस होना आम बात माना जाता है. ज्यादातर लोग इसके लिए ठंडी-गर्म हवा, बारिश या प्रदूषण को जिम्मेदार ठहराते हैं. लेकिन हेल्थ एक्सपर्ट्स का कहना है कि अगर आप बार-बार बीमार पड़ रहे हैं, तो इसकी असली वजह सिर्फ मौसम नहीं बल्कि आपकी कमजोर होती इम्यूनिटी और बिगड़ती लाइफस्टाइल भी हो सकती है.
डॉक्टरों के मुताबिक आजकल की भागदौड़ भरी जिंदगी में लोग देर रात तक जागना, घंटों मोबाइल और लैपटॉप पर समय बिताना, समय पर खाना न खाना और लगातार तनाव में रहना सामान्य मान चुके हैं. शुरुआत में शरीर इन आदतों को संभाल लेता है, लेकिन धीरे-धीरे इसका असर शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता यानी इम्यून सिस्टम पर दिखने लगता है. यही कारण है कि कई लोग बार-बार सर्दी, खांसी और कमजोरी का शिकार हो जाते हैं.
खराब नींद बना रही शरीर को कमजोर
अपोलो हॉस्पिटल्स की कंसल्टेंट पल्मोनोलॉजिस्ट डॉ. रशीका के अनुसार सिर्फ लंबे समय तक सोना ही जरूरी नहीं है, बल्कि अच्छी और गहरी नींद लेना भी उतना ही अहम है. अगर कोई व्यक्ति रात में बार-बार जागता है, देर तक फोन इस्तेमाल करता है या खर्राटों की वजह से नींद पूरी नहीं हो पाती, तो शरीर को रिकवर होने का सही समय नहीं मिल पाता. इससे इम्यून सिस्टम धीरे-धीरे कमजोर होने लगता है.
अमेरिका की स्वास्थ्य एजेंसी CDC की रिसर्च भी बताती है कि लगातार कम नींद लेने से शरीर की संक्रमण से लड़ने की क्षमता घट सकती है. इतना ही नहीं, इससे मोटापा, दिल की बीमारी और मानसिक तनाव का खतरा भी बढ़ सकता है. दरअसल, गहरी नींद के दौरान शरीर खुद को रिपेयर करता है और इंफेक्शन से लड़ने वाले जरूरी प्रोटीन तैयार करता है.
खानपान की गलतियां भी बढ़ा रहीं परेशानी
हेल्थ एक्सपर्ट्स का कहना है कि आजकल लोगों की डाइट भी इम्यूनिटी कमजोर करने में बड़ी भूमिका निभा रही है. कई लोग जल्दीबाजी में खाना छोड़ देते हैं या फिर प्रोसेस्ड और पैकेज्ड फूड पर ज्यादा निर्भर हो गए हैं. इससे शरीर को जरूरी पोषक तत्व नहीं मिल पाते.
डॉक्टरों के मुताबिक मजबूत इम्यूनिटी के लिए शरीर को प्रोटीन, आयरन, जिंक, विटामिन, फाइबर और पर्याप्त पानी की जरूरत होती है. लेकिन इंस्टेंट फूड, मीठे स्नैक्स और जंक फूड का ज्यादा सेवन शरीर को अंदर से कमजोर बना सकता है.
कम पानी पीना भी बढ़ा सकता है इंफेक्शन का खतरा
नेशनल इंस्टीट्यूट्स ऑफ हेल्थ की स्टडी के अनुसार शरीर में पोषण और इम्यून सिस्टम का सीधा संबंध होता है. वहीं पर्याप्त पानी न पीने से शरीर में म्यूकस गाढ़ा हो सकता है, जिससे संक्रमण का खतरा बढ़ जाता है. डॉक्टरों का कहना है कि डिहाइड्रेशन की वजह से शरीर की सफाई प्रक्रिया भी प्रभावित होती है.
इसके अलावा लंबे समय तक AC वाले बंद कमरों में रहना, धूल और खराब वेंटिलेशन वाली जगहों पर ज्यादा समय बिताना भी एलर्जी और वायरल इंफेक्शन का कारण बन सकता है.
कब हो जाएं सतर्क?
अगर आपको बार बार खांसी, जुकाम, गले में खराश, शरीर में कमजोरी या थकान महसूस हो रही है, तो इसे सिर्फ मौसम का असर समझकर नजरअंदाज न करें. एक्सपर्ट्स सलाह देते हैं कि समय पर सोना, पौष्टिक खाना खाना, भरपूर पानी पीना और रोजाना थोड़ी शारीरिक एक्टिविटी करना इम्यूनिटी को मजबूत रखने के लिए बेहद जरूरी है.
