सोशल मीडिया पर इन दिनों “कॉकरोच जनता पार्टी” का ट्रेंड अभी पूरी तरह शांत भी नहीं हुआ था कि अब उसके विरोध में एक नई डिजिटल पार्टी की एंट्री हो गई है। इंटरनेट पर वायरल हो रही इस नई पार्टी का नाम “लाल हिट जनता पार्टी” बताया जा रहा है। इंस्टाग्राम और दूसरे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर लोग इस नाम से पोस्ट, मीम्स और मजेदार स्लोगन शेयर कर रहे हैं। देखते ही देखते यह ट्रेंड भी सोशल मीडिया पर चर्चा का बड़ा विषय बन गया है।


कॉकरोच पार्टी के विरोध में सामने आई ‘लाल हिट जनता पार्टी’

इंस्टाग्राम पर वायरल हो रहे कई पोस्ट्स में लोग “कॉकरोच जनता पार्टी” का विरोध करते दिखाई दे रहे हैं। खासतौर पर @rajputana_com.44 नाम के अकाउंट से शेयर किए गए पोस्ट में लिखा गया कि “मैं कॉकरोच जनता पार्टी का पुरजोर विरोध करता हूं, मैं लाल हिट पार्टी को सपोर्ट करता हूं।”

इन पोस्ट्स में “घृणा नहीं, सफाई चाहिए”, “सशक्त समाज-स्वस्थ देश” और “भ्रष्टाचार और गंदगी के खिलाफ सफाई की ओर एक कदम” जैसे स्लोगन भी दिखाई दे रहे हैं। पोस्ट में लाल हिट स्प्रे को प्रतीक बनाकर कॉकरोच पार्टी पर व्यंग्य किया गया है। इंटरनेट यूजर्स इसे मीम संस्कृति और डिजिटल व्यंग्य का नया स्तर बता रहे हैं।


सोशल मीडिया पर छिड़ी मीम्स और बहस की नई लड़ाई

कॉकरोच जनता पार्टी के बाद अब लाल हिट जनता पार्टी को लेकर भी इंटरनेट पर मजेदार मीम्स की बाढ़ आ गई है। कोई इसे “डिजिटल राजनीति का नया अध्याय” बता रहा है तो कोई “कॉकरोच बनाम लाल हिट” की ऑनलाइन जंग कह रहा है।

कुछ दिन पहले तक जहां सोशल मीडिया पर कॉकरोच जनता पार्टी की टी-शर्ट्स और पोस्ट वायरल हो रहे थे, वहीं अब उसके विरोध में नया कंटेंट तेजी से बनाया जा रहा है। इंटरनेट पर लोग इस ट्रेंड को सिर्फ मजाक नहीं, बल्कि नई पीढ़ी के व्यंग्य और ऑनलाइन अभिव्यक्ति का हिस्सा मान रहे हैं।


यूजर्स ने दिए मजेदार रिएक्शन

यह ट्रेंड वायरल होते ही सोशल मीडिया पर लोगों ने मजेदार प्रतिक्रियाएं देनी शुरू कर दीं। एक यूजर ने लिखा, “लाल हिट पार्टी जिंदाबाद”, जबकि दूसरे ने तंज कसते हुए कहा, “तुम्हारे जैसे विरोध करने वाले बहुत आए और चले गए।” वहीं एक अन्य यूजर ने मजाक में लिखा, “चार दिन बाद पता नहीं चलेगा कॉकरोच कहां गए।”

कई यूजर्स का कहना है कि अब सोशल मीडिया पर सिर्फ ट्रेंड नहीं चलते, बल्कि हर ट्रेंड का जवाब भी नए ट्रेंड से दिया जाता है। “कॉकरोच जनता पार्टी” और “लाल हिट जनता पार्टी” की यह डिजिटल लड़ाई उसी का ताजा उदाहरण बन गई है।

इंटरनेट की दुनिया भी कमाल है…

यहां बहस खत्म नहीं होती,

बस अगला मीम लॉन्च हो जाता है।