शादी के 20 साल बाद ब्रिटेन की एक महिला को अपने पति के बारे में ऐसा सच पता चला, जिसने उसकी पूरी दुनिया हिला दी। उसे मालूम हुआ कि उसका पति पिछले दो दशकों से स्पर्म डोनेट कर रहा था और इस दौरान वह कई बच्चों का गुमनाम पिता भी बन चुका है।


आम तौर पर शादी के बाद पति-पत्नी एक-दूसरे की आदतों, पसंद-नापसंद और व्यवहार को अच्छी तरह समझ लेते हैं, जिसे एक सफल रिश्ते की निशानी माना जाता है। लेकिन अगर इतने लंबे समय बाद यह एहसास हो कि आप अपने ही पार्टनर को ठीक से नहीं जान पाए, तो यह किसी बड़े झटके से कम नहीं होता। ब्रिटेन की इस महिला के साथ भी कुछ ऐसा ही हुआ।


रिपोर्ट के अनुसार, दोनों के बीच सब कुछ सामान्य चल रहा था, लेकिन एक अनजान मैसेज ने 20 साल पुराने रिश्ते में दरार डाल दी। सोशल मीडिया पर मिले इस मैसेज से महिला को पता चला कि उसका पति उसकी जानकारी के बिना लंबे समय से स्पर्म डोनेट कर रहा है।


शुरुआत में महिला को लगा कि यह काम शायद किसी आर्थिक मदद या सामाजिक भलाई के लिए किया जा रहा होगा। लेकिन जब उसने गहराई से जांच की, तो सामने आया कि उसका पति किसी क्लिनिक के जरिए नहीं, बल्कि सीधे तौर पर महिलाओं से संपर्क करता था।


मामला यहीं तक सीमित नहीं था। रिपोर्ट में यह भी सामने आया कि वह उन महिलाओं के साथ लगातार संपर्क में रहता था जो गर्भवती होना चाहती थीं। उसे प्रेग्नेंट महिलाओं को देखने और इस पूरी प्रक्रिया का हिस्सा बनने का एक तरह का मानसिक जुनून था।


इस पूरे मामले का खुलासा तब हुआ जब एक डोनर ग्रुप से जुड़ी महिला ने गलती से पत्नी को मैसेज भेज दिया। इसके बाद जब पत्नी ने पति के फोन और लैपटॉप की जांच की, तो उसमें सैकड़ों चैट्स और तस्वीरें मिलीं, जिन्होंने उसकी दोहरी जिंदगी को उजागर कर दिया।


बिना किसी मेडिकल निगरानी और कानूनी प्रक्रिया के इस तरह का ‘प्राइवेट डोनेशन’ स्वास्थ्य के लिहाज से जोखिम भरा हो सकता है और भविष्य में कई तरह की समस्याएं खड़ी कर सकता है। अब महिला ने तलाक लेने का फैसला किया है और अन्य महिलाओं को भी ऐसे ‘फ्री डोनर्स’ से सावधान रहने की सलाह दी है।