उत्तर प्रदेश में आने वाले विधानसभा चुनावों से पहले भारतीय जनता पार्टी (BJP) के अंदर गतिविधियां तेज हो गई हैं। सरकार और संगठन दोनों स्तरों पर बदलाव की तैयारी की खबरें सामने आ रही हैं। लखनऊ से लेकर दिल्ली तक लगातार बैठकों का दौर जारी है और पार्टी नेतृत्व चुनाव की रणनीति को अंतिम रूप देने में जुटा है।


पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी पिछले दो दिनों से दिल्ली में हैं, जहां उन्होंने कई वरिष्ठ नेताओं के साथ बैठकें की हैं। इन बैठकों में धर्मपाल सिंह और उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य भी शामिल रहे। इसके अलावा पंकज चौधरी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से भी मुलाकात की। माना जा रहा है कि इन बैठकों में राज्य की राजनीतिक स्थिति और चुनाव की तैयारी पर चर्चा हुई।


सूत्रों के मुताबिक, उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्रिमंडल में बड़े बदलाव हो सकते हैं। चुनाव को ध्यान में रखते हुए कुछ नए चेहरों को मौका दिया जा सकता है, जबकि कुछ मंत्रियों की जिम्मेदारियों में बदलाव संभव है। इन फैसलों में क्षेत्रीय संतुलन और नेताओं के प्रदर्शन को ध्यान में रखा जा रहा है।


सिर्फ सरकार ही नहीं, बल्कि BJP संगठन में भी बदलाव की तैयारी है। पार्टी की नई टीम लगभग तैयार मानी जा रही है और जल्द ही नए पदाधिकारियों की घोषणा हो सकती है। इसका मकसद चुनाव से पहले संगठन को और मजबूत करना है।दिल्ली में हुई बैठकों में जमीनी स्थिति और कार्यकर्ताओं से मिले फीडबैक पर भी चर्चा हुई। इसी के आधार पर आगे की चुनावी रणनीति तय की जा रही है।राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि आने वाले दिनों में कैबिनेट विस्तार और संगठन में फेरबदल को लेकर बड़ा ऐलान हो सकता है।