Bangladesh में ईद-उल-अजहा से पहले इस बार दो भैंसे सोशल मीडिया और लोगों के बीच जबरदस्त आकर्षण का केंद्र बन गए हैं। इन भैंसों की चर्चा सिर्फ उनके विशाल शरीर की वजह से नहीं हो रही, बल्कि उनके नामों और स्वभाव को लेकर भी लोग खूब बातें कर रहे हैं। किसी ने इनका नाम Donald Trump रखा है, तो किसी को Benjamin Netanyahu कहा जा रहा है। ढाका के आसपास मौजूद फार्मों में इन दोनों भैंसों को देखने के लिए लोगों की भीड़ जुट रही है और सोशल मीडिया पर इनके वीडियो तेजी से वायरल हो रहे हैं।


‘Trump’ नाम के भैंसे का शांत अंदाज बना चर्चा का विषय

बांग्लादेशी मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, ‘Trump’ नाम का भैंसा करीब 700 किलो का है। उसकी हल्की चमड़ी और सुनहरे रंग जैसे बालों को देखकर लोगों ने उसे डोनाल्ड ट्रंप से जोड़ना शुरू कर दिया। हालांकि देखने में अलग और आकर्षक लगने वाला यह भैंसा स्वभाव से काफी शांत बताया जा रहा है। फार्म पर आने वाले लोग उसके साथ फोटो और सेल्फी ले रहे हैं। भैंसे के मालिक जियाउद्दीन ने बताया कि यह नाम उनके छोटे भाई ने मजाकिया अंदाज में रखा था। उनका कहना है कि अल्बिनो भैंसे आमतौर पर शांत स्वभाव के होते हैं, जब तक उन्हें उकसाया न जाए। रिपोर्ट्स के अनुसार, बकरीद से पहले यह भैंसा बिक भी चुका है।


‘Netanyahu’ भैंसे का आक्रामक स्वभाव बना वायरल

दूसरी तरफ ‘Benjamin Netanyahu’ नाम का भैंसा भी लोगों के बीच खूब चर्चा में है। बताया जा रहा है कि उसका वजन 750 किलो से ज्यादा है और उसका स्वभाव पहले वाले भैंसे से बिल्कुल अलग है। फार्म से जुड़े लोगों के मुताबिक, यह भैंसा काफी आक्रामक है और अचानक तेज आवाज निकालते हुए हैंडलर्स की तरफ दौड़ पड़ता है। उसका व्यवहार काफी अप्रत्याशित बताया जा रहा है। एक फार्म मैनेजर ने मजाक में कहा कि इस भैंसे में “खूराफाती दिमाग” है, जिसकी वजह से लोग उसे देखने में और ज्यादा दिलचस्पी दिखा रहे हैं। सोशल मीडिया पर लोग इसके वीडियो शेयर कर मजेदार प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं।


सोशल मीडिया पर छिड़ी मजेदार बहस

ईद-उल-अजहा के करीब आते ही ये दोनों भैंसे बांग्लादेश में वायरल सेंसेशन बन चुके हैं। इंटरनेट पर लोग इस बात पर चर्चा कर रहे हैं कि क्या सच में इन भैंसों का चेहरा और व्यवहार इन नेताओं से मिलता-जुलता है या यह सिर्फ लोगों की कल्पना और मजाक है। कई यूजर्स इसे “सबसे अनोखा बकरीद आकर्षण” बता रहे हैं। वहीं कुछ लोग इसे सोशल मीडिया की रचनात्मकता कह रहे हैं, जहां इंसान किसी भी चीज को meme और चर्चा का हिस्सा बना देता है।