राजधानी पटना में रविवार को खजूरपुरा राजा बाजार, पिलर नंबर 27 के सामने CM हॉस्पिटल का भव्य उद्घाटन किया गया। इस मौके पर बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों और गणमान्य व्यक्तियों ने हिस्सा लिया। 100 बेड के आईसीयू सुविधा से लैस इस हॉस्पिटल को बिहार के गरीब और जरूरतमंद मरीजों के लिए एक बड़ी राहत के रूप में देखा जा रहा है।


उद्घाटन समारोह में शामिल हुए पूर्वी चंपारण के रामगढ़वा बाजार स्थित सफ़ा हॉस्पिटल के जनरल फिजिशियन डॉक्टर सैफुल्लाह ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि CM हॉस्पिटल गरीबों के इलाज में मील का पत्थर साबित होगा। उन्होंने कहा कि डॉक्टर को भगवान का दूसरा रूप माना जाता है और उनका असली काम मरीजों की सेवा करना है, लेकिन आज के समय में कई जगह इलाज के नाम पर लोगों से ज्यादा पैसे वसूले जा रहे हैं, जो चिंताजनक है।


डॉक्टर सैफुल्लाह ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि वह ग्रामीण क्षेत्र में प्रैक्टिस करते हैं, जहां कई मरीज 100 रुपये की फीस तक नहीं दे पाते। लोग इधर-उधर से पैसे जुटाकर इलाज कराने आते हैं, लेकिन बड़े अस्पतालों के खर्च के कारण इलाज अधूरा रह जाता है। उन्होंने बताया कि वह हर शुक्रवार को मुफ्त में मरीजों को देखते हैं, लेकिन अब CM हॉस्पिटल के खुलने से गरीब मरीजों को काफी राहत मिलेगी और कम खर्च में बेहतर इलाज मिल सकेगा।


वहीं, CM हॉस्पिटल के डायरेक्टर डॉक्टर नेमतुल्लाह ने बताया कि इस अस्पताल का मुख्य उद्देश्य कम लागत में बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि यहां आईसीयू, डायग्नोस्टिक्स और अन्य जरूरी सुविधाएं बेहद कम खर्च पर उपलब्ध कराई गई हैं।


अस्पताल में हृदय, मस्तिष्क और अन्य जटिल बीमारियों के इलाज और सर्जरी की भी सुविधा दी जाएगी, वह भी किफायती दरों पर। अस्पताल को अलग-अलग विभागों में व्यवस्थित किया गया है, ताकि मरीजों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। साथ ही, मरीजों के साथ आने वाले परिजनों के लिए रहने और ठहरने की भी व्यवस्था की गई है।


CM हॉस्पिटल का यह कदम स्वास्थ्य सेवाओं को आम लोगों तक पहुंचाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है, जिससे खासकर गरीब और मध्यम वर्ग के लोगों को बड़ा फायदा मिलने की उम्मीद है।