ere | Source: rererमुंबई। बॉक्स ऑफिस पर बुधवार को रिलीज हुई यश की फिल्म ‘टॉक्सिक’ का असर पुरानी फिल्मों की कमाई पर साफ दिखाई देने लगा है। ‘टॉक्सिक’ की रिलीज के बाद इमरान हाशमी की ‘आवारापन 2’ के शो की संख्या में भारी कमी आई और फिल्म की दैनिक कमाई पहली बार करोड़ों से घटकर लाखों में पहुंच गई। वहीं, सनी देओल, प्रीति जिंटा और शबाना आजमी स्टारर ‘बंटवारा 1947’ की स्थिति पहले से ही कमजोर थी और 13वें दिन फिल्म महज ₹7 लाख का कारोबार कर सकी।

‘टॉक्सिक’ ने आते ही बदल दिया फिल्मों का बॉक्स ऑफिस गणित

गीतू मोहनदास के निर्देशन में बनी ‘टॉक्सिक’ ने बुधवार को देशभर में 24,579 शो के साथ ₹101.10 करोड़ का नेट कलेक्शन और ₹120.75 करोड़ का ग्रॉस बिजनेस किया। कन्नड़ भाषा में बनी इस फिल्म के हिंदी डब वर्जन ने सबसे ज्यादा ₹55 करोड़ का नेट कलेक्शन किया है।

फिल्म का वर्ल्डवाइड ग्रॉस कलेक्शन ₹140.75 करोड़ बताया गया है, जबकि इसका बजट ₹500 करोड़ है। ‘टॉक्सिक’ की रिलीज के साथ सिनेमाघरों में स्क्रीन और शो के बंटवारे का असर पहले से रिलीज फिल्मों पर पड़ा है।

‘आवारापन 2’ की कमाई में अचानक आई बड़ी गिरावट

नितिन कक्‍कड़ के निर्देशन में बनी ‘आवारापन 2’ रिलीज के बाद लगातार करोड़ों रुपये का कारोबार कर रही थी। मंगलवार को फिल्म ने ₹3.75 करोड़ का नेट कलेक्शन किया था, लेकिन बुधवार को इसकी कमाई घटकर सिर्फ ₹90 लाख रह गई।

फिल्म के शो में भी भारी कमी देखने को मिली। मंगलवार को ‘आवारापन 2’ के 9,224 शो थे, जबकि ‘टॉक्सिक’ की रिलीज के बाद बुधवार को इसके शो घटकर केवल 1,124 रह गए। ऐसे में फिल्म के दैनिक कलेक्शन में आई गिरावट को स्क्रीन और शो की संख्या में कमी से जोड़कर देखा जा रहा है।

13 दिनों में ‘आवारापन 2’ ने कितना कमाया?

‘आवारापन 2’ ने 13 दिनों में भारतीय बॉक्स ऑफिस पर ₹143.65 करोड़ का नेट कलेक्शन कर लिया है। वहीं, फिल्म का वर्ल्डवाइड ग्रॉस बिजनेस ₹202.75 करोड़ तक पहुंच चुका है।

इमरान हाशमी की यह फिल्म करीब ₹45 करोड़ के बजट में बनी है। इस लिहाज से फिल्म अपनी लागत के मुकाबले काफी अधिक कमाई कर चुकी है और रिपोर्ट के मुताबिक यह सुपरहिट हो चुकी है।

‘आवारापन 2’ का दिनवार कलेक्शन

पहला हफ्ता: ₹113.50 करोड़

8वां दिन, शुक्रवार: ₹5.75 करोड़

9वां दिन, शनिवार: ₹8.25 करोड़

10वां दिन, रविवार: ₹8.75 करोड़

11वां दिन, सोमवार: ₹2.75 करोड़

12वां दिन, मंगलवार: ₹3.75 करोड़

13वां दिन, बुधवार: ₹90 लाख

‘बंटवारा 1947’ की हालत और खराब, 13वें दिन सिर्फ ₹7 लाख

सनी देओल की ‘बंटवारा 1947’ के लिए बॉक्स ऑफिस पर हालात लगातार मुश्किल होते जा रहे हैं। राजकुमार संतोषी के निर्देशन में बनी इस पीरियड ड्रामा फिल्म को रिलीज के 13वें दिन सिर्फ 157 शो मिले और इनसे फिल्म ने महज ₹7 लाख की कमाई की।

₹150 करोड़ के बजट में बनी ‘बंटवारा 1947’ भारतीय बॉक्स ऑफिस पर 13 दिनों में केवल ₹37.77 करोड़ का नेट कलेक्शन कर पाई है। फिल्म का वर्ल्डवाइड ग्रॉस कलेक्शन ₹53.84 करोड़ रहा है। सनी देओल, प्रीति जिंटा और शबाना आजमी जैसे कलाकारों की मौजूदगी के बावजूद फिल्म बॉक्स ऑफिस पर उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर सकी।

‘बंटवारा 1947’ का दिनवार कलेक्शन

पहला हफ्ता: ₹33.60 करोड़

8वां दिन, शुक्रवार: ₹75 लाख

9वां दिन, शनिवार: ₹1.15 करोड़

10वां दिन, रविवार: ₹1.30 करोड़

11वां दिन, सोमवार: ₹35 लाख

12वां दिन, मंगलवार: ₹55 लाख

13वां दिन, बुधवार: ₹7 लाख

क्या ‘टॉक्सिक’ की कमजोर प्रतिक्रियाएं ‘आवारापन 2’ को देंगी राहत?

‘टॉक्सिक’ ने पहले दिन बॉक्स ऑफिस पर शानदार शुरुआत की है, लेकिन फिल्म को लेकर दर्शकों और समीक्षकों की प्रतिक्रियाएं पूरी तरह सकारात्मक नहीं बताई जा रही हैं। फिल्म की 3 घंटे 14 मिनट की लंबी अवधि को लेकर सवाल उठाए जा रहे हैं। इसके अलावा स्क्रीनप्ले को भी खिंचा हुआ और कुछ दर्शकों के लिए उबाऊ बताया जा रहा है।

फिल्म को शुरुआती कमाई में यश की लोकप्रियता, ‘केजीएफ 2’ की सफलता के बाद बने स्टारडम और एडवांस बुकिंग का फायदा मिला है। अब आने वाले दिनों में यह देखना अहम होगा कि फिल्म अपनी शुरुआती रफ्तार को कितनी दूर तक कायम रख पाती है।

‘आवारापन 2’ के लिए खुल सकती है वापसी की राह

‘टॉक्सिक’ को मिल रही नकारात्मक प्रतिक्रियाएं आने वाले दिनों में ‘आवारापन 2’ के लिए राहत लेकर आ सकती हैं। अगर ‘टॉक्सिक’ की कमाई में शुरुआती क्रेज के बाद गिरावट आती है तो ‘आवारापन 2’ को दोबारा अधिक स्क्रीन और शो मिलने की संभावना बन सकती है। हालांकि, फिलहाल ‘आवारापन 2’ पहले ही अपने बजट के मुकाबले मजबूत कमाई कर चुकी है।

दूसरी तरफ ‘बंटवारा 1947’ के लिए स्थिति काफी कठिन नजर आ रही है। फिल्म का बजट ₹150 करोड़ है, जबकि 13 दिनों में भारतीय बॉक्स ऑफिस पर इसकी कमाई ₹37.77 करोड़ तक ही पहुंची है।

अब 4 सितंबर को आएगी अगली बड़ी रिलीज

सिनेमाघरों में अब अगली बड़ी रिलीज 4 सितंबर को होने वाली है। इस दिन ‘मिर्जापुर द मूवी’ रिलीज होगी। ऐसे में आने वाले दिनों में बॉक्स ऑफिस पर फिल्मों के बीच स्क्रीन और दर्शकों को लेकर मुकाबला और दिलचस्प हो सकता है।