आज के दौर में लोग अपनी यादगार तस्वीरें, जरूरी डॉक्यूमेंट्स और खास पलों को सबसे ज्यादा WhatsApp के जरिए शेयर करते हैं। लेकिन अक्सर यूजर्स की शिकायत रहती थी कि WhatsApp पर फोटो भेजते ही उसकी क्वालिटी खराब हो जाती है। अच्छी कैमरा क्वालिटी वाली तस्वीर भी धुंधली और कम रिजॉल्यूशन में नजर आने लगती थी। खासकर शादी, ट्रैवल, कॉलेज फंक्शन या ऑफिस से जुड़े डॉक्यूमेंट्स भेजते समय यह समस्या लोगों को काफी परेशान करती थी। अब कंपनी ने इस परेशानी का बड़ा समाधान पेश किया है।
दरअसल, WhatsApp लगातार अपने प्लेटफॉर्म में नए फीचर्स जोड़ रहा है ताकि यूजर्स का एक्सपीरियंस बेहतर बनाया जा सके। कंपनी ने हाल ही में iPhone पर ‘Search Messages By Date’ और टैबलेट के लिए Android बीटा में स्प्लिट व्यू जैसे फीचर्स जारी किए हैं। इसी कड़ी में WhatsApp ने अब ‘फोटो क्वालिटी’ फीचर भी रोलआउट किया है। यह फीचर Android और iPhone दोनों यूजर्स के लिए उपलब्ध है, जबकि WhatsApp Desktop यूजर्स के लिए इस पर अभी काम चल रहा है।
WhatsApp का यह नया फीचर यूजर्स को फोटो शेयरिंग पर पहले से ज्यादा कंट्रोल देता है। पहले ऐप इंटरनेट डेटा बचाने के लिए तस्वीरों को ऑटोमैटिक तरीके से कंप्रेस कर देता था, जिससे उनकी क्वालिटी कम हो जाती थी। लेकिन अब यूजर्स फोटो की मूल क्वालिटी और रिजॉल्यूशन को काफी हद तक बरकरार रखते हुए तस्वीरें भेज सकते हैं।
इस फीचर में यूजर्स को ‘ऑटो’, ‘बेस्ट क्वालिटी’ और ‘डेटा सेवर’ जैसे तीन विकल्प दिए गए हैं। यानी अब लोग अपनी जरूरत के हिसाब से तय कर सकते हैं कि उन्हें हाई क्वालिटी फोटो भेजनी है या कम डेटा इस्तेमाल करना है। अगर डिवाइस Wi-Fi से कनेक्ट होगा तो WhatsApp ऑटोमैटिक तरीके से बेहतर क्वालिटी वाली इमेज भेज सकता है।
Android पर कैसे भेजें हाई क्वालिटी फोटो?
- सबसे पहले WhatsApp खोलें
- ऊपर दाईं तरफ दिए गए तीन डॉट मेन्यू पर टैप करें
- अब “Settings” में जाएं
- इसके बाद “Storage and Data” ऑप्शन चुनें
- “Media Upload Quality” सेक्शन में जाएं
- यहां “Photo Upload Quality” पर टैप करें
- फिर ‘Auto’, ‘Best Quality’ या ‘Data Saver’ में से अपनी पसंद का विकल्प चुनें
- अंत में OK बटन दबाकर सेटिंग सेव कर दें
इसके अलावा किसी चैट में फोटो भेजते समय स्क्रीन पर दिखाई देने वाले “HD” ऑप्शन पर टैप करके भी हाई क्वालिटी इमेज भेजी जा सकती है। हालांकि HD फोटो भेजने पर सामान्य तस्वीरों की तुलना में थोड़ा ज्यादा इंटरनेट डेटा खर्च हो सकता है।
कई यूजर्स अभी भी इस फीचर के बारे में नहीं जानते, जिसकी वजह से वे हर बार खराब क्वालिटी वाली तस्वीरें भेज देते हैं। ऐसे में अगर आप भी WhatsApp पर फोटो ब्लर होने या क्वालिटी खराब आने की समस्या से परेशान हैं, तो यह नया फीचर आपके काफी काम आ सकता है।
