
वंदे मातरम् बिल।Source : Chrome
संसद में प्रस्तावित वंदे मातरम् विधेयक को लेकर राजनीतिक प्रतिक्रियाएं सामने आने लगी हैं। बिहार सरकार के मंत्रियों और भाजपा नेताओं ने इस विधेयक का समर्थन करते हुए कहा कि राष्ट्रगीत का सम्मान हर नागरिक की जिम्मेदारी है और जानबूझकर उसका अपमान करने वालों के खिलाफ कानून होना चाहिए।
श्रवण कुमार ने कानून की जरूरत बताई
बिहार सरकार के मंत्री श्रवण कुमार ने कहा कि यदि किसी से अनजाने में गलती होती है तो उसकी जांच और समीक्षा की जाती है, लेकिन अगर कोई व्यक्ति जानबूझकर राष्ट्र का अपमान करता है, तो ऐसे मामलों से निपटने के लिए स्पष्ट कानूनी प्रावधान होना चाहिए। उन्होंने कहा कि राष्ट्र के सम्मान से जुड़े मामलों में सख्ती जरूरी है।
प्रमोद कुमार चंद्रवंशी ने विधेयक का किया समर्थन
मंत्री प्रमोद कुमार चंद्रवंशी ने कहा कि लोकसभा में यदि यह विधेयक लाया जा रहा है, तो निश्चित रूप से केंद्र सरकार ने सभी पहलुओं पर विचार किया होगा। उन्होंने कहा कि वंदे मातरम् देश की भावना से जुड़ा गीत है और इसे लेकर किसी तरह की आपत्ति नहीं होनी चाहिए। उन्होंने बंकिमचंद्र चट्टोपाध्याय को याद करते हुए कहा कि उनके लिखे इस गीत ने स्वतंत्रता आंदोलन के दौरान देशवासियों को प्रेरित किया था और आज भी इसका ऐतिहासिक महत्व बना हुआ है।
बीजेपी विधायक ने बताया स्वागत योग्य कदम
भाजपा विधायक जीवेश कुमार ने भी प्रस्तावित विधेयक का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रगीत और राष्ट्रगान का अपमान करने वालों के खिलाफ कानून बनना चाहिए। उनके अनुसार दुनिया के कई देशों में राष्ट्रीय प्रतीकों के अपमान पर सजा का प्रावधान है और भारत में भी ऐसे मामलों में सख्त कानून होना चाहिए। उन्होंने इस पहल को देशहित में उठाया गया महत्वपूर्ण कदम बताया।
