Source: NDTV

Source: NDTV

उत्तराखंड में लगातार हो रही भारी बारिश से लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। सबसे ज्यादा असर पहाड़ी इलाकों में देखने को मिल रहा है। उत्तरकाशी जिले में पिछले 24 घंटे से लगातार बारिश हो रही है। तेज बारिश की वजह से नालूपानी के पास पहाड़ी से भारी मलबा और पत्थर गिरने लगे, जिससे गंगोत्री नेशनल हाईवे बंद हो गया। वहीं, राज्य के कई दूसरे जिलों में भी जलभराव की स्थिति है, जिससे लोगों को आने-जाने में दिक्कत हो रही है।

गंगोत्री नेशनल हाईवे बंद होने के बाद सड़क के दोनों तरफ वाहनों की लंबी लाइन लग गई है। NH और बीआरओ की टीमें मौके पर मौजूद हैं। जेसीबी की मदद से मलबा हटाकर हाईवे को जल्द शुरू करने की कोशिश की जा रही है। प्रशासन ने लोगों और यात्रियों से अपील की है कि मौसम ठीक होने तक बेवजह यात्रा न करें और प्रशासन की एडवाइजरी का पालन करें।

मलबा गिरने से NH-34 बंद

टिहरी के नरेंद्रनगर में मौजूद बगड़धार के पास NH-34 पर पहाड़ी से भारी मलबा गिरा है, जिससे आने जाने में काफी परेशानी हो गई। वहीं, टिहरी उत्तरकाशी बॉर्डर पर नगुण के पास भी लगातार पहाड़ी से पत्थर गिरा हैं। इसके चलते नेशनल हाईवे पूरी तरह बंद है। मौके पर जेसीबी मशीन और संबंधित विभाग की टीम मौजूद है, लेकिन लगातार हो रही बारिश और पत्थर गिरने की वजह से फिलहाल सड़क साफ करने का काम शुरू नहीं किया जा सका है। अधिकारियों का कहना है कि जैसे ही बारिश और पत्थर गिरना रुकेगा, रास्ता खोलने का काम तुरंत शुरू कर दिया जाएगा।

जसपुर और रुड़की में बारिश से हालात खराब

उधम सिंह नगर के जसपुर में रातभर हुई तेज बारिश के बाद कई इलाकों में जलभराव हो गया। कई घरों में पानी घुस गया और खेत पानी में डूबने से फसलों को नुकसान पहुंचा है। वहीं, रुड़की में भी मूसलाधार बारिश से हाईवे समेत कई इलाके पानी में डूब गए, जिससे लोगों की आवाजाही प्रभावित हुई। हालात का जायजा लेने के लिए मेयर अनीता अग्रवाल, विधायक गोपाल राम बेनीवाल और भाजपा नेता ललित मोहन अग्रवाल जलभराव वाले इलाकों में पहुंचे। इसके बाद नगर निगम अधिकारियों को जल्द से जल्द पानी निकालने के निर्देश दिए गए।

हरिद्वार में बारिश का असर, स्कूल बंद, कई इलाकों में जलभराव

हरिद्वार में लगातार हो रही बारिश से लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। मौसम विभाग की चेतावनी को देखते हुए जिलाधिकारी ने गुरुवार को स्कूलों में छुट्टी घोषित कर दी। तेज बारिश के कारण भगत सिंह चौक, चंद्राचार्य चौक और आसपास के कई इलाकों में सड़कें पानी से भर गईं, जिससे लोगों और वाहन चालकों को काफी परेशानी हुई। भगत सिंह चौक के पास रेलवे ब्रिज के नीचे कई फीट तक पानी जमा हो गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि हर बारिश में यहां जलभराव की समस्या होती है, लेकिन अब तक इसका कोई स्थायी समाधान नहीं हो पाया है।