
बिहार की राजधानी पटना में ज्वेलरी शॉप में लूट की एक अनोखी कोशिश सामने आई है। दीघा इलाके में दो सहेलियां गहने खरीदने के बहाने एक ज्वेलरी दुकान में पहुंचीं और महिला कर्मचारी पर नशीला स्प्रे छिड़ककर जेवर लेकर भागने की कोशिश की। हालांकि दुकानदार की सतर्कता से दोनों की योजना विफल हो गई।
गहने देखने के बहाने दुकान में पहुंचीं
जानकारी के अनुसार, दोनों लड़कियां शाम के समय कुर्जी पुल के पास स्थित एक ज्वेलरी दुकान में पहुंचीं। उन्होंने पहले टॉप्स और फिर अंगूठियां दिखाने को कहा। इसी दौरान एक लड़की ने अचानक महिला कर्मचारी के चेहरे पर नशीला स्प्रे छिड़क दिया।
दुकानदार ने गिराया शटर
घटना को देखकर दुकानदार तुरंत काउंटर से बाहर आया और दुकान का शटर बंद कर दिया। अफरा-तफरी में दुकान का शीशा भी टूट गया। मौके पर मौजूद लोगों ने एक लड़की को पकड़ लिया, जबकि दूसरी को बाद में पुलिस ने उसके घर से गिरफ्तार कर लिया।
इंटर पास छात्राएं निकलीं आरोपी
पुलिस जांच में पता चला कि दोनों आरोपी लड़कियां इसी साल इंटरमीडिएट पास हैं और कोचिंग में पढ़ाई के दौरान उनकी दोस्ती हुई थी। पूछताछ में उन्होंने बताया कि पैसों की जरूरत के कारण उन्होंने लूट की योजना बनाई थी।
पुलिस कर रही जांच
दीघा थाना पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। घटना में इस्तेमाल किया गया नशीला स्प्रे भी बरामद कर लिया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
