पटना। बिहार में चल रहे छात्र आंदोलन के बीच नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए पेपर लीक और बेरोजगारी को लेकर गंभीर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि बार-बार परीक्षाएं रद्द होने और पेपर लीक की घटनाओं से छात्रों का भविष्य प्रभावित हो रहा है, ऐसे में उनका विरोध करना स्वाभाविक है।

तेजस्वी यादव ने आरोप लगाया कि सरकार के भीतर मौजूद भ्रष्ट अधिकारियों या बड़े रैकेट की वजह से पेपर लीक की घटनाएं होती हैं। उन्होंने परीक्षा व्यवस्था को लेकर सरकार से जवाबदेही तय करने की मांग करते हुए पूछा कि अब तक ऐसे मामलों में कितने अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की गई है।

उन्होंने कहा कि मैट्रिक, इंटरमीडिएट, BPSC और पुलिस भर्ती समेत विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं को लेकर लगातार सवाल उठ रहे हैं। तेजस्वी ने दावा किया कि बिहार में ऐसी कोई परीक्षा नहीं बची है, जिसके पेपर लीक को लेकर विवाद सामने नहीं आया हो।

छात्रों के प्रदर्शन का समर्थन करते हुए नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि लोकतांत्रिक तरीके से विरोध करना छात्रों का अधिकार है। उन्होंने सरकार से सवाल किया कि आखिर छात्र कब तक परेशान होते रहेंगे और उनके भविष्य के साथ खिलवाड़ कब तक जारी रहेगा।

यह बयान ऐसे समय आया है जब पटना में BPSC परीक्षा समेत भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं और पेपर लीक के आरोपों को लेकर छात्र प्रदर्शन कर रहे हैं। मंगलवार को प्रदर्शन के दौरान पुलिस और छात्रों के बीच टकराव की स्थिति

भी बनी।