IND vs SL 2nd Test: कोलंबो के SSC ग्राउंड पर टीम इंडिया का दबदबा या श्रीलंका का पलटवार? जानिए पूरा टेस्ट रिकॉर्ड | Source: Abp news.comIND vs SL 2nd Test: भारत और श्रीलंका के बीच दो मैचों की टेस्ट सीरीज का दूसरा मुकाबला 23 अगस्त से कोलंबो के सिंहली स्पोर्ट्स क्लब मैदान पर खेला जाएगा। सीरीज में टीम इंडिया 1-0 से आगे है। इस मैदान पर भारत का रिकॉर्ड श्रीलंका के खिलाफ कैसा रहा है, जानिए।

IND vs SL 2nd Test: कोलंबो के SSC ग्राउंड पर टीम इंडिया का दबदबा या श्रीलंका का पलटवार? जानिए पूरा टेस्ट रिकॉर्डSource : Abp news.com

श्रीलंका के खिलाफ दो मैचों की टेस्ट सीरीज में भारतीय टीम 1-0 से आगे चल रही है। अब दोनों टीमों के बीच सीरीज का दूसरा मुकाबला रविवार, 23 अगस्त से खेला जाएगा। यह मैच कोलंबो के सिंहली स्पोर्ट्स क्लब क्रिकेट ग्राउंड पर होगा। मुकाबले से पहले इस मैदान पर टीम इंडिया के पुराने रिकॉर्ड पर नजर डालना भी दिलचस्प है।

श्रीलंका ने दूसरे टेस्ट के लिए अपने स्क्वॉड में कुछ बदलाव किए हैं। वहीं भारतीय टीम अपनी जीत वाली प्लेइंग 11 में ज्यादा बदलाव नहीं करना चाहेगी। हालांकि श्रीलंका के स्क्वॉड में कई बाएं हाथ के बल्लेबाज हैं, ऐसे में सारांश जैन को मौका दिए जाने की संभावना जताई गई है। वहीं कुलदीप यादव को बाहर बैठना पड़ सकता है।

सिंहली स्पोर्ट्स क्लब मैदान पर कैसा रहा भारत का रिकॉर्ड?

सिंहली स्पोर्ट्स क्लब मैदान पर भारतीय क्रिकेट टीम ने अब तक कुल 9 टेस्ट मैच खेले हैं। इन मुकाबलों में भारत ने 3 मैचों में जीत हासिल की है। वहीं श्रीलंका की टीम भारत को इस मैदान पर 2 बार हराने में सफल रही है। भारत और श्रीलंका के बीच इस मैदान पर खेले गए 4 टेस्ट मुकाबले ड्रॉ रहे हैं।

इस रिकॉर्ड को देखें तो भारतीय टीम का प्रदर्शन इस मैदान पर अच्छा रहा है। खास बात यह है कि टीम इंडिया ने यहां अपने पिछले दो टेस्ट मुकाबलों में श्रीलंका को बड़े अंतर से हराया है।

पिछले दो मुकाबलों में भारत ने दर्ज की बड़ी जीत

सिंहली स्पोर्ट्स क्लब मैदान पर भारत ने आखिरी बार साल 2017 में टेस्ट मैच खेला था। उस मुकाबले में भारतीय टीम ने श्रीलंका को पारी और 53 रन से हराया था। इससे पहले 2015 में भी टीम इंडिया ने इसी मैदान पर शानदार प्रदर्शन किया था और श्रीलंका को 117 रन से मात दी थी।

यानी भारत के लिए इस मैदान की पिछली दो टेस्ट यात्राएं काफी सफल रही हैं। अब टीम इंडिया की नजर एक बार फिर जीत के साथ सीरीज अपने नाम करने पर होगी।

2008 में श्रीलंका ने दी थी करारी शिकस्त

सिंहली स्पोर्ट्स क्लब मैदान पर श्रीलंका ने भारत को आखिरी बार 2008 में हराया था। उस मुकाबले में मेजबान टीम ने भारत को पारी और 239 रन के बड़े अंतर से शिकस्त दी थी।

इसके अलावा साल 2001 में भी श्रीलंका ने इसी मैदान पर भारत के खिलाफ जीत दर्ज की थी। हालांकि उसके बाद भारत ने इस मैदान पर वापसी करते हुए अपने प्रदर्शन में सुधार किया और पिछले दो मुकाबलों में लगातार बड़ी जीत हासिल की।

दूसरे टेस्ट के लिए भारतीय स्क्वॉड

भारत के स्क्वॉड में शुभमन गिल कप्तान हैं। उनके अलावा केएल राहुल, सरफराज खान, ऋषभ पंत, देवदत्त पडिक्कल, यशस्वी जायसवाल, ध्रुव जुरेल, रवींद्र जडेजा, सारांश जैन, मानव सुथार, कुलदीप यादव, प्रसिद्ध कृष्णा, मोहम्मद सिराज, आकिब नबी और गुरनूर बरार शामिल हैं।

श्रीलंका की टीम में ये खिलाड़ी

श्रीलंका के स्क्वॉड में लाहिरु उदारा, कामिल मिशारा, पसिंदु सोरियाबंदारा, कामिंडु मेंडिस, धनंजय डी सिल्वा, सहान अराचिगे, सोनल दिनुशा, निरोशन डिकवेला, केशरा नुवांथा, प्रभात जयसूर्या, मिलन रत्नायके, लाहिरू कुमारा, असिथा फर्नांडो और विश्वा फर्नांडो शामिल हैं।

अब देखना होगा कि कोलंबो के SSC ग्राउंड पर टीम इंडिया अपने पुराने रिकॉर्ड को दोहराते हुए श्रीलंका के खिलाफ एक और जीत दर्ज करती है या मेजबान टीम इस बार भारतीय टीम के सामने चुनौती पेश करती है।