पटना । पीएम सूर्यघर: मुफ्त बिजली योजना को लेकर जिलाधिकारी कुंदन कुमार ने शनिवार को समीक्षा बैठक की। बैठक में उन्होंने संबंधित अधिकारियों और कार्यकारी एजेंसियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि योजना के लक्ष्य को तय समय-सीमा यानी 30 अक्टूबर तक हर हाल में पूरा किया जाए।

डीएम ने कहा कि इस योजना में तेजी के साथ-साथ गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं होना चाहिए।


पटना में 33 हजार से ज्यादा घरों का लक्ष्य

समीक्षा में बताया गया कि पटना जिले में कुल 33,585 घरों पर सोलर पैनल लगाने का लक्ष्य है। इसमें :-

1. BPL परिवार: 5,585 BPL परिवारों के घरों की छत पर पूरी तरह निःशुल्क सोलर पैनल लगाया जाना है। इसके विरुद्ध अब तक 1,375 घरों पर काम पूरा हो चुका है।

2. गैर-BPL परिवार: 28,000 गैर-BPL परिवारों के घरों पर सब्सिडी के आधार पर पैनल लगाना है। अब तक 10,300 से अधिक घरों पर यह काम पूरा हो चुका है।

वर्तमान में जिले में प्रतिदिन 30 से 40 सोलर पैनल लगाए जा रहे हैं। डीएम ने इसमें और तेजी लाने को कहा है।


गैर-BPL परिवारों के लिए बढ़ी सब्सिडी, जानें कितना मिलेगा लाभ

सरकार ने गैर-BPL परिवारों के लिए सब्सिडी बढ़ा दी है। अब लाभार्थियों को राज्य सरकार की ओर से 10 हजार रुपये प्रति किलोवाट और अधिकतम 20 हजार रुपये तक अतिरिक्त सब्सिडी दी जाएगी।

केंद्र और राज्य सरकार की सब्सिडी को मिलाकर लाभ इस प्रकार है:

- 1 किलोवाट पर - 40,000 रुपये

- 2 किलोवाट पर - 80,000 रुपये

- 3 किलोवाट या उससे अधिक पर - अधिकतम 98,000 रुपये तक

यह लाभ पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर दिया जाएगा।


बैंकों को लोन देने का निर्देश

योजना का लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचे, इसके लिए सोलर पैनल लगाने पर लोन की भी सुविधा है। जिलाधिकारी ने जिले के सभी बैंकों को निर्देश दिया है कि इच्छुक और पात्र लाभार्थियों के लोन आवेदनों का निष्पादन प्राथमिकता के आधार पर करें।

डीएम ने कहा कि इससे लोगों के बिजली बिल में बड़ी राहत मिलेगी और हरित ऊर्जा को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने एजेंसियों को सोलर स्ट्रक्चर और पैनल की सप्लाई चेन मजबूत रखने का निर्देश दिया ताकि काम

में किसी तरह की बाधा न आए।