tफीफा वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में स्पेन ने मौजूदा चैंपियन अर्जेंटीना को 1-0 से हराकर दूसरी बार विश्व कप का खिताब अपने नाम कर लिया। न्यू जर्सी के मेटलाइफ स्टेडियम में खेले गए रोमांचक मुकाबले का फैसला एक्स्ट्रा टाइम में हुआ, जहां सब्स्टीट्यूट खिलाड़ी फेरान टोरेस ने विजयी गोल दागकर स्पेन को ऐतिहासिक जीत दिलाई।


106वें मिनट में आया निर्णायक गोल

निर्धारित 90 मिनट तक दोनों टीमों के बीच कोई गोल नहीं हो सका। इसके बाद एक्स्ट्रा टाइम के 106वें मिनट में निको विलियम्स के हेडर को फेरान टोरेस ने करीब से गोल में बदल दिया। यही गोल मैच का निर्णायक क्षण साबित हुआ और स्पेन ने 16 साल बाद फिर से विश्व कप ट्रॉफी जीत ली।

एंजो फर्नांडीज को मिला रेड कार्ड

मुकाबले के अंतिम क्षणों में अर्जेंटीना को बड़ा झटका लगा। 90वें मिनट में मिडफील्डर एंजो फर्नांडीज ने स्पेन के डिफेंडर पाउ कुबार्सी पर खतरनाक फाउल किया। रेफरी ने उन्हें दूसरा येलो कार्ड दिखाते हुए रेड कार्ड दे दिया, जिसके बाद अर्जेंटीना को 10 खिलाड़ियों के साथ खेलना पड़ा।


पूरे मैच में स्पेन का दबदबा

फाइनल में स्पेन ने शुरुआत से ही गेंद पर नियंत्रण बनाए रखा और लगातार गोल के मौके बनाए। दूसरी ओर अर्जेंटीना का आक्रमण पूरी तरह संघर्ष करता नजर आया। टीम मैच के आखिरी चरण तक स्पेनिश गोलकीपर को ज्यादा चुनौती नहीं दे सकी। कप्तान लियोनेल मेसी भी स्पेन की मजबूत डिफेंस को भेदने में सफल नहीं रहे।


1962 के बाद इतिहास नहीं दोहरा सकी अर्जेंटीना

अर्जेंटीना लगातार दूसरी बार विश्व कप जीतकर 1962 के ब्राजील के बाद ऐसा करने वाली पहली टीम बनना चाहती थी, लेकिन स्पेन ने उसकी उम्मीदों पर पानी फेर दिया। इस जीत के साथ स्पेन ने 2010 के बाद पहली बार विश्व कप ट्रॉफी अपने नाम की।


सितारों से सजा रहा फाइनल

फाइनल मुकाबला सिर्फ फुटबॉल तक सीमित नहीं रहा। स्टेडियम में हॉलीवुड अभिनेता ब्रैड पिट, टॉम क्रूज़ और मैट डेमन के अलावा एनबीए स्टार स्टीफन करी, केविन ड्यूरेंट, विक्टर वेम्बनयामा, टेनिस खिलाड़ी सेरेना विलियम्स और कार्लोस अल्काराज़ सहित कई दिग्गज मौजूद रहे। फुटबॉल के पूर्व सितारे डेविड बेकहम, काका, डिडिएर ड्रोग्बा और जीनेदिन जिदान ने भी फाइनल का आनंद लिया।


समापन समारोह ने भी बटोरी सुर्खियां

फाइनल से पहले आयोजित क्लोजिंग सेरेमनी में पोस्ट मलोन ने प्रस्तुति दी। वहीं, फीफा के पहले आधिकारिक हाफटाइम शो में जस्टिन बीबर, मैडोना, शकीरा, BTS, बर्ना बॉय समेत कई अंतरराष्ट्रीय कलाकारों ने परफॉर्म किया। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप भी फाइनल मुकाबला देखने पहुंचे और ट्रॉफी समारोह में शामिल हुए।