Sand Dishwash Viral Video: सोशल मीडिया पर इन दिनों एक कंटेंट क्रिएटर का अनोखा बिजनेस आइडिया तेजी से वायरल हो रहा है। रेगिस्तान की रेत से तैयार किए गए डिशवॉश पाउडर ने इंटरनेट यूजर्स के साथ-साथ होटल इंडस्ट्री के लोगों को भी हैरान कर दिया है। वीडियो पर लाखों लोग अपनी प्रतिक्रिया दे रहे हैं।
Sand Dishwash Viral Video:गजब का बिजनेस आइडिया! रेगिस्तान की रेत से बनाया डिशवॉश पाउडर, बड़े होटलों तक पहुंचा प्रोडक्ट; VIDEO वायरलSource : NDtv.com
अक्सर लोग रेगिस्तान की रेत को बेकार और अनुपयोगी मानते हैं, लेकिन एक देसी कंटेंट क्रिएटर ने अपनी अलग सोच से इसे कमाई का जरिया बना दिया। उसने रेगिस्तान की तपती धूप में मेहनत करके वहां की रेत से एक खास तरह का डिशवॉश पाउडर तैयार किया। इस अनोखे प्रयोग को देखने के बाद सोशल मीडिया यूजर्स भी हैरान रह गए। खास बात यह है कि बड़े-बड़े रेस्टोरेंट के शेफ और मैनेजर भी इसका डेमो देखकर काफी प्रभावित नजर आए।
रेगिस्तान से जुटाई गर्म रेत
वायरल वीडियो की शुरुआत में एक शख्स तेज धूप के बीच रेगिस्तान में पहुंचता है और बड़े कांच के जारों में गर्म रेत भरता हुआ दिखाई देता है। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि चिलचिलाती गर्मी के बीच रेत इकट्ठा करना आसान नहीं था, लेकिन उसने मेहनत से कई जार भरकर अपनी गाड़ी तक पहुंचाए। इसके बाद वह घर लौटता है, रेत को अच्छी तरह छानता है और उसमें रीठा जैसी प्राकृतिक जड़ी-बूटियों का मिश्रण मिलाकर एक खास डिशवॉश पाउडर तैयार करता है।
रेस्टोरेंट में दिया लाइव डेमो
प्रोडक्ट तैयार करने के बाद शख्स ने उसकी प्रोफेशनल पैकेजिंग की और उसे टेस्ट करने के लिए सीधे एक बड़े रेस्टोरेंट पहुंच गया। वहां उसने मैनेजर और किचन स्टाफ से बातचीत की और अपने प्रोडक्ट का लाइव डेमो दिया। वीडियो में दिखाया गया है कि जिन जिद्दी दागों को सामान्य लिक्विड क्लीनर से साफ करना मुश्किल हो रहा था, वे इस रेत से बने पाउडर से रगड़ते ही साफ हो गए और बर्तन चमकने लगे।
शेफ और मैनेजर भी हुए प्रभावित
बर्तनों की चमक देखने के बाद रेस्टोरेंट के शेफ और मैनेजर इस प्रोडक्ट से काफी प्रभावित दिखाई दिए। उन्होंने इसके प्रदर्शन की सराहना की और शख्स को अपना समर्थन भी दिया। वीडियो में दिखाया गया है कि उसने अपना संपर्क नंबर भी साझा किया, ताकि भविष्य में रेस्टोरेंट की ओर से बल्क ऑर्डर दिए जा सकें।
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल
यह वीडियो इंस्टाग्राम पर deluxebhaiyaji नाम के अकाउंट से शेयर किया गया है। वीडियो को अब तक 3.3 मिलियन से ज्यादा लाइक्स मिल चुके हैं और लाखों लोग इसे देख चुके हैं। कई यूजर्स इस अनोखे बिजनेस आइडिया और देसी जुगाड़ की जमकर तारीफ कर रहे हैं, जबकि कुछ लोग इसके इस्तेमाल और प्रभाव को लेकर भी अपनी राय दे रहे हैं।
