भारतीय रेलवे में सरकारी नौकरी का सपना देख रहे युवाओं के लिए शानदार मौका आया है। रेलवे भर्ती बोर्ड (RRB) ने CEN 02/2026 के तहत टेक्नीशियन ग्रेड-I (सिग्नल) और टेक्नीशियन ग्रेड-III के कुल 6,565 पदों पर भर्ती के लिए विस्तृत अधिसूचना जारी कर दी है। इस भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन 30 जून 2026 से शुरू होंगे, जबकि आवेदन करने की अंतिम तिथि 29 जुलाई 2026 निर्धारित की गई है। इच्छुक अभ्यर्थी निर्धारित समय के भीतर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। 
RRB technician recruitment
30 जून से शुरू होगी आवेदन प्रक्रिया
RRB Technician भर्ती 2026 के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 30 जून 2026 से शुरू होगी और उम्मीदवार 29 जुलाई 2026 (रात 11:59 बजे तक) आवेदन कर सकेंगे। आवेदन केवल ऑनलाइन माध्यम से स्वीकार किए जाएंगे। उम्मीदवारों को सलाह दी जाती है कि वे अंतिम तिथि का इंतजार न करें और समय रहते आवेदन पूरा कर लें। आवेदन के दौरान आधार सत्यापन, फोटो, हस्ताक्षर और आवश्यक दस्तावेज अपलोड करने होंगे।
कितने पद, कौन-सी योग्यता और आयु सीमा?
इस भर्ती अभियान के तहत कुल 6,565 पद भरे जाएंगे। इनमें टेक्नीशियन ग्रेड-I (सिग्नल) के 323 पद और टेक्नीशियन ग्रेड-III के 6,242 पद शामिल हैं। ग्रेड-III पदों के लिए उम्मीदवार का 10वीं पास और संबंधित ट्रेड में ITI (NCVT/SCVT) होना आवश्यक है। वहीं ग्रेड-I (सिग्नल) के लिए संबंधित विषय में डिप्लोमा, इंजीनियरिंग डिग्री या B.Sc. मांगी गई है। आयु सीमा ग्रेड-I के लिए 18 से 33 वर्ष तथा ग्रेड-III के लिए 18 से 30 वर्ष निर्धारित है। आरक्षित वर्गों को नियमानुसार आयु में छूट मिलेगी।
चयन प्रक्रिया, वेतन और आवेदन शुल्क
उम्मीदवारों का चयन कंप्यूटर आधारित परीक्षा (CBT), दस्तावेज सत्यापन (Document Verification) और मेडिकल टेस्ट के आधार पर किया जाएगा। चयनित अभ्यर्थियों को ग्रेड-I पद पर लेवल-5 के तहत शुरुआती वेतन ₹29,200 प्रतिमाह, जबकि ग्रेड-III पद पर लेवल-2 के तहत ₹19,900 प्रतिमाह मिलेगा। आवेदन शुल्क और अन्य विस्तृत जानकारी आधिकारिक नोटिफिकेशन में उपलब्ध कराई गई है।
आवेदन से पहले इन बातों का रखें ध्यान
आवेदन करने से पहले उम्मीदवार आधिकारिक नोटिफिकेशन को ध्यानपूर्वक पढ़ लें और अपनी शैक्षणिक योग्यता, आयु, ट्रेड और आवश्यक दस्तावेजों की जांच कर लें। आवेदन पत्र में गलत जानकारी भरने पर आवेदन रद्द किया जा सकता है। उम्मीदवारों को सलाह दी जाती है कि वे आवेदन का प्रिंट सुरक्षित रखें और भर्ती से जुड़ी सभी नई अपडेट के लिए RRB की आधिकारिक वेबसाइट पर नियमित नजर बनाए रखें।
