पिंक सिटी जयपुर को वर्ल्ड क्लास शहर कहा जाता है, लेकिन पहली ही बारिश में सड़क धंसने की घटना ने विकास कार्यों की गुणवत्ता पर सवाल खड़े कर दिए हैं। कुछ घंटों की बारिश के बाद शहर की सबसे व्यस्त मानी जाने वाली टोंक रोड अचानक बीचों-बीच धंस गई. सड़क धंसते ही वहां करीब 20 फीट चौड़ा और 10 फीट गहरा विशाल गड्ढा बन गया, जिससे इलाके के लोगों में अफरा तफरी फैल गई.

P | Source: Aaj Tak

Source : Aaj Tak

ट्रैफिक किया गया डायवर्ट, कैलाश टावर के सामने धंसी सड़क

सड़क धंसने के बाद पुलिस ने तुरंत आधी सड़क पर बैरिकेडिंग कर ट्रैफिक रोक दिया। जयपुर विकास प्राधिकरण (JDA) की टीम मौके पर पहुंची और ट्रैक्टरों से मलबा मंगवाकर गड्ढे को भरने का काम शुरू कराया।

यह घटना शाम करीब 4:15 बजे हुई। राहत की बात यह रही कि सड़क धंसने के समय वहां कोई वाहन या राहगीर मौजूद नहीं था, जिससे बड़ा हादसा टल गया।

लोगों में ज़बरदस नाराज़गी

घटना के बाद शहरवासियों में जबरदस्त नाराजगी देखने को मिली।उनका आरोप है कि मानसून की पहली ही बारिश ने विकास के दावों की पोल खोल दी है।लोगों का कहना है कि यह सरकारी अमले की लूट-खसोट और विकास कार्यों में भ्रष्टाचार का नतीजा है। लोगों का कहना है कि अगर मामूली बारिश में राजधानी की सड़कों का यह हाल है, तो आने वाले दिनों में लगातार और तेज बारिश के दौरान स्थिति और गंभीर हो सकती है।

अब निगाहें सरकार और प्रशासन पर

इस घटना के बाद अब निगाहें सरकार और प्रशासन पर हैं कि बारिश के पूरे सीजन में इस तरह की घटनाओं को रोकने के लिए क्या कदम उठाए जाते हैं। यह देखना भी अहम होगा कि इस हादसे से सबक लेकर आवश्यक सुधार किए जाते हैं या फिर किसी बड़े हादसे के बाद कार्रवाई होती है।