देशभर में पेपर लीक और परीक्षा में कथित गड़बड़ियों को लेकर बढ़ते विवादों के बीच कांग्रेस ने बड़ा आंदोलन शुरू करने का फैसला किया है। पार्टी का आरोप है कि पिछले कुछ वर्षों में NEET, SSC, CUET, NTA समेत कई बड़ी परीक्षाओं को लेकर सवाल उठे हैं, जिससे लाखों छात्रों और अभ्यर्थियों का भविष्य प्रभावित हुआ है। कांग्रेस का कहना है कि युवाओं को बार-बार परीक्षा रद्द होने, पेपर लीक और भर्ती प्रक्रियाओं में देरी जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।इन्हीं मुद्दों को लेकर राहुल गांधी देश के अलग-अलग शहरों में छात्र सम्मेलनों को संबोधित करेंगे और छात्रों से सीधे संवाद करेंगे। कांग्रेस का दावा है कि इस अभियान का उद्देश्य युवाओं की आवाज़ को राष्ट्रीय स्तर पर उठाना और परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता व जवाबदेही की मांग करना है।

कहां-कहां होंगे सम्मेलन?

कांग्रेस के इस अभियान की शुरुआत 17 जून को राजस्थान के कोटा से होगी, जिसे देश का प्रमुख शिक्षा और कोचिंग हब माना जाता है। इसके बाद राहुल गांधी अलग-अलग शहरों में छात्रों और युवाओं से संवाद करेंगे। पार्टी के अनुसार, 10 जुलाई को प्रयागराज, 11 जुलाई को पटना और 14 जुलाई को दिल्ली में बड़े छात्र सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे।इन कार्यक्रमों में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्र, विभिन्न भर्ती परीक्षाओं के अभ्यर्थी, शिक्षाविद, युवा संगठनों के प्रतिनिधि और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता शामिल होंगे। पार्टी का कहना है कि इन सम्मेलनों के जरिए छात्रों की समस्याओं और परीक्षा प्रणाली से जुड़े मुद्दों को राष्ट्रीय स्तर पर उठाया जाएगा।

कांग्रेस की क्या मांग है?

कांग्रेस का कहना है कि बार-बार सामने आ रहे पेपर लीक, परीक्षा में कथित अनियमितताओं और भर्ती प्रक्रियाओं में देरी ने छात्रों और युवाओं का भरोसा कमजोर किया है। पार्टी का आरोप है कि लाखों अभ्यर्थी वर्षों की मेहनत के बावजूद व्यवस्था की खामियों का खामियाजा भुगत रहे हैं।इसी को लेकर कांग्रेस ने परीक्षा प्रणाली में व्यापक सुधार, पेपर लीक मामलों में सख्त कार्रवाई और दोषियों के खिलाफ कड़ी सजा की मांग की है। साथ ही पार्टी चाहती है कि भर्ती और प्रवेश परीक्षाओं को अधिक पारदर्शी बनाया जाए, ताकि छात्रों के भविष्य के साथ किसी तरह का खिलवाड़ न हो। कांग्रेस का कहना है कि युवाओं के हितों की रक्षा और निष्पक्ष परीक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करना सरकार की जिम्मेदारी है।NEET, SSC, CUET और NTA से जुड़े विवादों के खिलाफ कांग्रेस बड़ा अभियान शुरू करने जा रही है। राहुल गांधी 17 जून से कोटा में छात्र सम्मेलन कर युवाओं के मुद्दे उठाएंगे।